(भक्तिसूत्र-1) भक्ति प्रेम है, और प्रेम बिना ज्ञान नहीं || आचार्य प्रशांत कार्यशाला (2023)

आचार्य प्रशांत: जी, स्वागत है! बताइए।
प्रश्नकर्ता: नमस्कार, सर। कल मेरी एक ऑनलाइन प्रतिभागी सोमेश जी से बात हो रही थी, तो मैंने पूछा कि आज की कार्यशाला के लिए उनका प्रश्न क्या है। एक अजीब-सी बात उन्होंने कही कि आचार्य जी ने गीता पर जो चर्चा करी है उससे उनको बहुत सारे श्लोकों का एकदम वास्तविक अर्थ जानने को मिला। तो एक तरह से ऐसा हुआ कि पहली बार असली अर्थ क्या होता है वो समझ पाए। उन्होंने कहा, ‘क्या ऐसा हो सकता है कि आचार्य जी नारद भक्तिसूत्र पर भी इसी तरह की चर्चा करें?’
अब जब उन्होंने ये बात कही, तो मैंने उनसे कहा कि जितना मैं जानता हूँ शायद ‘भक्तिसूत्र' में चौरासी सूत्र हैं और आप एक दिन पहले बता रहे हैं, तो शायद ये संभव नहीं हो पाएगा। पर उनका ज़्यादा रुझान, झुकाव था इसकी तरफ़। और मैंने खुद भी देखा कि जितने भी प्रश्न आए हैं प्रतिभागियों के, उन पर यदि हम एक तरफ़ से देखें तो ‘भक्तिसूत्र' शायद सभी का उत्तर दे सकते हैं।
तो उन्होंने मुझसे थोड़ी जब बात करी, उसके ऊपर वो चाहते हैं कि कुछ सूत्र हम इकट्ठा करें कम-से-कम आपके सामने रखने के लिए, तो मैंने और उन्होंने रात को बैठकर — मुझे पता था कि चौरासी सूत्र तो अगर लेने बैठे तो पूरे दो दिन चले जाएँगे — तो कुछ सूत्रों की एक श्रृंखला बनाई है। मैं कोशिश कर रहा था कम करने की, पर अभी भी छत्तीस तो बचे हैं।
आचार्य: छत्तीस।
प्र: साथ में मैं एक चीज़ और कहना चाहूँगा, जो प्रश्न था उनका मुख्यतः वो ये था कि भक्ति और प्रेम में संबंध क्या है और भक्ति वास्तविक तौर पर कहते किसे हैं? साथ में वो इस चीज़ को जानने में और रुचि रख रहे थे कि जैसे हम हमेशा कहते हैं कि दो मार्ग होते हैं: एक होता है भक्तिमार्ग और एक होता है ज्ञानमार्ग, तो भक्ति और ज्ञानमार्ग में क्या अंतर है?









