बच्चों के लिए हम बहुत कुछ करते हैं। अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाते हैं, उनके लिए सुविधाएँ जुटाते हैं, भविष्य की योजनाएँ बनाते हैं।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
Originally published in Navbharat Times on 14 November '26
बच्चों के लिए हम बहुत कुछ करते हैं। अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाते हैं, उनके लिए सुविधाएँ जुटाते हैं, भविष्य की योजनाएँ बनाते हैं। उनकी प्रतिभा देखकर प्रसन्न होते हैं, उनकी उपलब्धियों पर गर्व करते हैं और चाहते हैं कि वे जीवन में खूब आगे बढ़ें। लेकिन एक बात देखिए। जिस बच्चे की प्रतिभा पर हम तालियाँ बजाते हैं, उसी बच्चे के प्रश्नों से घर में हमें असुविधा होने लगती है। हम चाहते हैं कि वह खूब आगे बढ़े, लेकिन कहाँ और किस दिशा में बढ़ेगा, यह तय करने का अधिकार अपने पास रखना चाहते हैं। हम उसे साहसी देखना चाहते हैं, पर वह हमारी किसी मान्यता को चुनौती दे दे तो हमें अनुशासन याद आने लगता है।
इसलिए बच्चों के हित की बात करते हुए एक प्रश्न बड़ों से भी पूछा जाना चाहिए। हम बच्चों को वास्तव में दे क्या रहे हैं? अच्छे स्कूल, बढ़िया कपड़े, पौष्टिक भोजन, सुविधाएँ और भविष्य के लिए बचत, इन सबका अपना महत्व है। लेकिन किसी बच्चे के जीवन पर केवल उन वस्तुओं का प्रभाव नहीं पड़ता जो हम उसके लिए खरीदते हैं। वह उस वातावरण से भी बनता है जिसमें उसे प्रतिदिन जीना पड़ता है। उस वातावरण में हमारा व्यवहार है, हमारे भय हैं, हमारी महत्वाकांक्षाएँ हैं, हमारी मान्यताएँ और पूर्वाग्रह हैं। हम किस बात पर प्रसन्न होते हैं, किससे डरते हैं, किसका सम्मान करते हैं और किसे अपने से छोटा समझते हैं, बच्चा यह सब लगातार देख रहा होता है। इस तरह हम अगली पीढ़ी को वह सब सौंपते चले जाते हैं जिसका हिसाब न किसी स्कूल की फीस में मिलता है, न रिपोर्ट कार्ड में। और अक्सर हमें पता भी नहीं चलता कि जिसे हम संस्कार कह रहे हैं, वह कहीं हमारी अपनी गुलामी का हस्तांतरण तो नहीं है।




