हम यमुना को माँ कहते हैं। घाट पर खड़ा आदमी जब उसे माँ कहता है, तो मुझे उसकी नीयत पर शक करने की कोई वजह नहीं दिखती।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
Originally published in Navbharat Times on 22 November '26
बाल दिवस पर मैं बच्चों के साथ बैठा था। पूरा हॉल भरा हुआ था। बच्चों के हाथों में गुब्बारे थे और उनके पास पूछने को बहुत कुछ था। एक बच्चे ने पूछा, 'बुरे लोगों ने जंगल क्यों काटा था? मैंने कहा, क्योंकि वो सब कुछ काटते हैं। जंगल ही नहीं काटते। मान लो कल दुनिया में जंगल ही न बचें। तुम्हें क्या लगता है, काटना रुक जाएगा? फिर मैंने उन्हें डोडो के बारे में बताया। बड़ी-सी चिड़िया थी, बड़ी सीधी। बुलाओ तो कई बार पास आ जाती थी। पीछा करो तो बहुत तेज़ भाग भी नहीं पाती थी। तो हमने उसे मार-मारकर खत्म कर दिया। पूरी दुनिया में एक भी डोडो नहीं बचा। और डोडो खत्म हो गई तो क्या हमने मारना छोड़ दिया? हम किसी और को मारने लगे।
मुर्गे की बात भी हुई। आपको लगता है कि एक मुर्गा मारा और बात वहीं खत्म हो गई। बात वहीं कैसे खत्म होगी? आपके भीतर जो मारने वाला बैठा है, उसे आपने थोड़ी और ताकत दे दी। अब वह मुर्गे पर क्यों रुकेगा? वह चिड़िया को मारेगा, पेड़ काटेगा, अपने घर के लोगों को भी नहीं बख्शेगा। नदी को भी मारेगा, पहाड़ को भी। तो मैंने बच्चों से कहा, इस सवाल पर मत रुक जाना कि वे लोग पेड़ों के साथ इतनी क्रूरता क्यों करते हैं। पूछना यह है कि हम हिंसक क्यों हैं? बाद में एक बात मेरे साथ रह गई। बच्चे ने कहा था, ‘बुरे लोग’। मेरा जवाब पूरा होते-होते मैं कह रहा था, ‘हम’। बच्चे को तो जाने दीजिए। उसे लगता है काटने वाले कहीं बाहर हैं। हम बड़े भी यही करते हैं, बस थोड़ी ज़्यादा होशियारी से।




