विचार से मुक्ति, विचारहीनता नहीं || आचार्य प्रशांत, युवाओं के संग (2013)

वक्ता: सौरभ पूछ रहा है कि ‘ये अन्दर और बाहर तो समझ में आ रहा है कि जो दिमाग में चलता है वही बाहर दिखाई देता है और उसमें कोई वास्तविकता नहीं है। मेरा मन खराब होता है तो मुझे दुनिया भी खराब लगने लग जाती है।’ तो सौरभ ने शायद एक तरीका निकाला है, कि इस सब से बचने का तरीका है कि ‘ये विचार जो मुझे धोखे में रखता है, इस विचार को ही ख़तम करो।’ तो सवाल इसलिए ही पूछा कि ‘विचारहीन कैसे हो जाऊं?’ कि विचारहीन ही कैसे हो जाऊं?
नहीं ये एक बेकार की महत्वाकांक्षा ही हो गई कि विचारहीन होना है। जैसे हम कई तरीके के लक्ष्य बनाते हैं न तो वैसे ही ये एक और लक्ष्य हो गया कि अब मुझे विचारहीन होना है या अब मुझे अहंकारहीन होना है।
इस बात को ध्यान से समझना।
विचार से मुक्ति और विचारहीन होना दोनों बहुत अलग-अलग चीज़ें हैं।
इसी तरीके से अहंकार से मुक्ति और अहंकारहीन होना दोनों बहुत अलग-अलग चीज़ें हैं।
मैंने ये माइक पकड़ तो रखा है पर मुझे ऐसा कोई गुमान नहीं है कि ये मेरे हाथ का ही हिस्सा है और मेरे हाथ में ये काबिलियत आ गई है कि वो ध्वनि को बढ़ा देती है। ये मेरे पास तो है पर मुझे ठीक-ठीक पता है कि ये मैं नहीं हूँ। होगा ये, बेशक बहुत आकर्षक चीज़ होगी। अभी ये जो कर रहा है, वो काम, मेरा वो हाथ जिसने इसको पकड़ रखा है, मेरा वो हाथ कभी वो काम नहीं कर सकता जो काम ये माइक कर रहा है। वो काम मेरा हाथ कभी नहीं कर सकता। लेकिन उसके बाद भी मुझे ये गुमान नहीं है, ये ग़लतफहमी नहीं पाली मैंने कि ये मैं ही हूँ। होगा ये आकर्षक और लाभप्रद, पर ये मैं नहीं हूँ। उसके होने में कोई बुराई नहीं है जबतक मैं उससे अपने आप को जोड़ ही न लूँ।



