हम क्यों पैदा हुए हैं? मुक्ति के लिए। मुक्ति माने क्या, मुक्ति कोई लड्डू होता है! मुक्ति क्या होती है? बंधन को तोड़ना। तो जो कुछ भी करो उसमें बस एक चीज़ पूछनी है, ये करने से मेरा प्रेम मेरे बंधन तोड़ रहा है कि नहीं। प्रेम ही नहीं है अगर बंधन नहीं तोड़ रहा। ऐसी लड़ाई जो बंधन में रहते हुए भी लड़ी जा सकती है, ये कोई लड़ाई है! कुछ भी सार्थक है कि नहीं ज़िंदगी में इसकी पहचान बस यही है — वो आपके लिए आपको तोड़ना अनिवार्य बना रहा है या नहीं। कुछ भी ऐसा है जो आप स्वयं को बचाए-बचाए कर सको, वो करने लायक नहीं है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
आचार्य प्रशांत एक बार मुझसे किसी ने कहा था कि आप भगवद्गीता पढ़ाते हैं और मैं भी एक धार्मिक हिन्दू हूँ, गीता हमारा पूज्य ग्रन्थ है। आप पढ़ाने के लिए उपलब्ध हैं फिर भी मेरा पढ़ने में मन नहीं लगता। मैं हिन्दू हूँ, मुझे गीता पढ़नी चाहिए और पढ़ाने वाला भी उपलब्ध है सामने आसानी से। मन तब भी नहीं लग रहा। क्यों नहीं लग रहा मन?
तो मैनें पूछा तुम्हारी ज़िंदगी में चुनौती क्या है, तुम क्या करते हो, समस्याएँ तुम्हें क्या आती हैं? पिछले साल दो साल में तुम्हें बड़ी-से-बड़ी समस्या क्या आई है जीवन में? तो वो सोचने लगा। बोलता है, ‘एक बार तीन-चार दिन तक बच्चा है छोटा और उसको बुखार हो गया था एक-सौ-दो, एक-सौ-तीन चला गया था। सच पूछो तो अभी पिछले दो साल में तो सबसे ज़्यादा बेचैन मैं उन्हीं दिनों हुआ था।’
और बताओ…
‘जो दुकान है, पीछे से जो माल आता है, उसके कीमतें बहुत बढ़ने लग गई थीं। बिक्री कम होने लग गई और बिक्री के साथ-साथ मुनाफ़ा और कम होने लग गया क्योंकि कीमतें पीछे से बढ़ रही थीं, उतनी ही मैं आगे नहीं बढ़ा सकता था, मेरे ग्राहक बर्दाश्त नहीं करते। थोड़ी कीमतें बढ़ाईं, थोड़ी कीमतें बढ़ाईं तो थोड़ी बिक्री घटी, लेकिन कीमत थोड़ी बढ़ाई और जो उसकी लागत थी, कॉस्ट वो बहुत बढ़ी हुई थी। तो ऐसा चला था करीब चार-छः महीने। बहुत दिल धड़का था। लगा था कैसे अब घर चलेगा, कैसे सपने पूरे होंगे। बहुत सारी चीज़ें सोची हुई हैं, खर्चे बाँध लिए हैं और अरमान भी हैं, उनका क्या होगा।’




