दशहरे पर हम हर साल रावण का पुतला जलाते हैं, और फ़िल्मों में वही रावण ज्ञानी, वीर और महादेव का भक्त दिखता है। तो क्या उसे महिमामंडित किया जा रहा है? बात उलटी है। रावण में दम दिखाया जाता है ताकि दिखे कि महिमा कितनी भी हो, राम के विरुद्ध जाओगे तो पिटोगे। जिसके पास जितना ज्ञान और बल, उसकी ज़िम्मेदारी उतनी ही बड़ी; उसकी विद्वत्ता बचाव की दलील नहीं, सज़ा का तर्क बनती है। ज्ञान लाइसेंस नहीं, कर्तव्य है। हमें जो मिला है, क्या हम उसे बाँट रहे हैं?
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
[दीपोत्सव 2026 पर हुए सत्र से, रामायण पर आधारित एक नई फ़िल्म में रावण के महिमामंडन पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में]
प्रश्नकर्ता: अभी दो-तीन दिन पहले एक फ़िल्म रिलीज़ हुई है रामायण पर आधारित। उसमें रावण के किरदार को भी बहुत हद तक महिमामंडित किया जा रहा है। रामायण काल में भी हम देखते हैं कि रावण कहीं ना कहीं सत्ता, बल, धनबल, शक्ति का प्रतिनिधि था। आज भी जब हम देखते हैं रावण रूपी अहंकार के प्रतिनिधि हैं, उन्हीं के पास ज़्यादातर सत्ता, बल, धनबल, शक्ति है और उन्हीं को हम महिमामंडित करते हैं। तो ऐसा क्यों है?
आचार्य प्रशांत: रावण कोई हीन व्यक्ति नहीं है। ठीक है। सिर्फ़ योद्धा मात्र नहीं है। राक्षस मात्र नहीं है। हिंसक ही नहीं है। ज्ञानी भी है। संगीतकार भी है। भक्त भी है। फिर भी मारा जाता है। कुल-कुटुंब कुनबे समेत मारा जाता है। यह क्या बात है? इतना तो वह बुरा नहीं है जितने बुरे कई और किरदार हम जानते हैं। अपनी ही आसपास की दुनिया में देखें तो रावण से कहीं ज़्यादा नीचे के, कहीं कलुषित, कहीं गिरे हुए लोग हमको दिखाई दे जाएँगे। दिखाई दे जाएँगे ना। और रावण को सिर्फ़ ज्ञानी नहीं बोलते थे, कहते थे महापंडित। वीरता उसमें है। दानी भी था। तो फिर क्यों इतनी दुर्दशा हुई रावण की? और यह भी सही है कि रावण ने अपनी ओर से कोई षड्यंत्र नहीं करा था। सच पूछो तो दो वनवासी भाई हैं, उनसे रावण को कोई खतरा भी नहीं था। रावण उलझने आता भी नहीं। यद्यपि अपने वनवास की पूरी प्रक्रिया और यात्रा में बीच-बीच में वह राक्षसों को निपटाते चले थे। लेकिन रावण का साम्राज्य बड़ा। रावण को ऐसा कोई खतरा नहीं था कि वह आता आक्रमण करने के लिए। अब वो तो शूर्पणखा वाला किस्सा हो गया और बहन रावण की। तो और गहराई से उलझ गया। कुल मिलाकर के हमें तो नहीं दिखाई देता कि रावण एकदम कोई निकृष्ट कोटि का गर्हित व्यक्ति हो। जैसा चरित्र रावण का रामायण में हमारे सामने आता है, ऐसा तो नहीं लगता।




