धर्म आपस में लड़ते आए हैं, और हर धर्म के भीतर भी कोई न कोई यही मानता है कि उसका ही मार्ग श्रेष्ठ है। मनुष्य के विशाल धार्मिक अतीत के सामने हम अक्सर तीन आसान रास्तों में से एक चुन लेते हैं: किसी एक परंपरा के वारिस बन जाना, सबमें से थोड़ा-थोड़ा ले लेना, या सबको नकार देना। चौथा रास्ता कठिन है: किसी परंपरा के बंदी न होना, उनमें जो मिथ्या या हिंसक है उसे अस्वीकार करना, और जो सचमुच काम का है उसके सहारे ईमानदारी से स्वयं को देखना। यह रास्ता इतना ख़ाली क्यों रहता है?
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
Originally published in Navbharat Times on 11 October '26
मुसलमान और यहूदी लड़ते रहे हैं, वैष्णवों और शैवों ने एक-दूसरे का ख़ून बहाया है, शिया-सुन्नी का झगड़ा चलता है, कैथोलिक-प्रोटेस्टेंट का भी चला है। और यह केवल धर्मों के बीच का टकराव नहीं; एक धारा के भीतर उपधाराएँ हैं, उनके भीतर और उपधाराएँ, और हर एक में कोई न कोई यह मानकर बैठा है कि मेरा ही मार्ग श्रेष्ठ है। मनुष्य अपनी पहचान किसी वस्तु से जोड़ता है और फिर उसी के आधार पर “हम” और “वे” गढ़ता है। धर्म इसका केवल एक उदाहरण है; यही प्रक्रिया जाति, राष्ट्र, भाषा और विचारधारा में भी चलती है।
तो प्रश्न उठता है कि मनुष्य के इतने विशाल धार्मिक अतीत से, इतने ग्रंथों, संतों, दर्शनों और मतों से, हमारा संबंध कैसा हो। मोटे तौर पर चार रास्ते दिखते हैं। पहले तीन आसान हैं, और इतिहास में अधिकतर यही चले हैं।
एक रास्ता है किसी एक परंपरा में प्रवेश कर जाना और स्वयं को उसका उत्तराधिकारी मान लेना। दूसरा है अनेक परंपराओं को एक साथ स्वीकार कर लेना और अपनी उदारता पर संतुष्ट हो जाना। एक और रास्ता है सबको खारिज कर देना और कहना कि मेरे लिए मेरा अपना अनुभव और मेरी अपनी बुद्धि पर्याप्त हैं। ये तीनों रास्ते देखने में बहुत अलग हैं, पर तीनों में नज़र बाहर टिकी है, परंपरा पर; भीतर, स्वयं पर नहीं। अपनाए या ठुकराए, निर्णायक मालिक अहं ही बना रहता है। आइए इन रास्तों को एक-एक करके देखते हैं।




