ध्यान क्यों टूट जाता है? || आचार्य प्रशांत, युवाओं के संग (2014)

प्रश्नकर्ता: सर, हम जब भी कुछ रुचि के साथ करते हैं, तो वहाँ पर ध्यान लगता है, पता रहता है कि कुछ करना है, ये भी रहता है कि करना ज़रूरी है, लेकिन हम ऐसा लंबे समय तक नहीं कर पाते। ऐसा क्यों होता है कि कुछ समय बाद ध्यान टूट जाता है?
आचार्य प्रशांत: पहली बात तो यह है कि किसी भी विषय में तुम्हारी रूचि है, सिर्फ़ इतनी-सी बात से ध्यान नहीं आ जाएगा।
ध्यान के लिए दो शर्तें हैं; पहली, रुचि ही नहीं, बहुत गहरी रुचि होनी चाहिए; और दूसरी, मुझमें ये ईमानदारी कि जब तक पूरी बात जान नहीं लूँगा, तब तक रुकूँगा नहीं।
अक्सर जिन विषयों में रुचि होती है, हम जानबूझ कर उनको पूरी तरह से जानना नहीं चाहते। पूरी तरह से क्यों नहीं जानना चाहते? क्योंकि यदि पूरी तरह से जान लिया तो रुचि ख़त्म भी हो सकती है। यदि पूरी तरह से जान लिया तो हो सकता है जो रुचि थी, वो रुचि ही चली जाए।
ये क़रीब-क़रीब वैसा ही है कि तुम रेस्तराँ में खाना खा रहे हो और तुम्हें अच्छा लग रहा है कि तुम उसके डाइनिंग हॉल में बैठे हो। ऐसा बहुत कम होगा कि तुम इस बात में रुचि लो कि ये जो खाना लाया गया है, ये कैसी रसोई में बनाया गया है। क्योंकि अगर देख लिया तो हो सकता है उस रेस्तराँ से सारा आकर्षण ही ख़त्म हो जाए।
इस बात पर ध्यान देना कि हम ये तो कह देते हैं कि मुझे रूचि है, लेकिन हमारे लिए ये बहुत ज़रूरी होता है कि हमारा ये जो आकर्षण है, जो रुचि है, वो एक सीमा तक ही रहे, उसके आगे ना जाए। क्योंकि उसके आगे चली गई तो मामला गड़बड़ हो जाएगा, रुचि को ख़त्म ही होना पड़ जाएगा, इसीलिए हम सीमित ध्यान देते हैं। पूरा ध्यान हम कभी देंगे ही नहीं, पूरा देंगे तो गड़बड़ हो जाएगी क्योंकि हो सकता है कि रुचि ही ख़त्म हो जाए।


