कोई रिश्ता गड़बड़ है, यह जानने के लिए बस यह देख लो कि क्या उसमें मुखौटे पहनने पड़ते हैं। और यदि मुखौटे उतारने पर रिश्ता टूटने लगे, तो समझ लीजिए वह रिश्ता वास्तविक नहीं था। उसने आपसे रिश्ता बनाया, उसने आपकी छवि से रिश्ता बनाया है। और आपकी छवि आप हैं नहीं, तो माने, उसका आपसे कोई रिश्ता है नहीं। फिर तो डर में ही जीना पड़ेगा, क्योंकि छवियाँ काल्पनिक होती हैं। जैसे ही यथार्थ आकर एक धक्का मारेगा, सारी छवियाँ टूट जाएँगी। इससे बेहतर यही है कि बेबाकी से सच में जिएं ।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: अतीत में अज्ञानवश झुन्नू ने जो गलत कर्म और कांड कर दिए हैं, तो अब क्या ज़िंदगी भर डर कर रहना पड़ेगा, कि कहीं आज या भविष्य में अतीत के गलत काम उजागर न हो जाएँ? समाज और परिवार से बहिष्कृत न कर दिया जाए। क्या हम पूरी ज़िंदगी गिल्ट-फ्री रहकर नहीं जी सकते हैं? अपनी गलती से सीख लेकर और सबक लेकर।
आचार्य प्रशांत: देखिए, दो बातें होती हैं। पहले तो ख़ुद वो मत रहो जिसने अतीत में ये सब गलतियाँ करी हैं, जिसको भी आप गलती बोल रहे हो, अगर आप सचमुच मानते हो कि उसमें कुछ गलत था ही, तो वो मत रहो न जिसने गलतियाँ की थीं। बदल जाओ पूरे तरीक़े से। तो पहली चीज़ तो ये है कि बदल ही जाओ वो रहो मत।
और दूसरी चीज़, बदलाव में ये शामिल होती है कि आंतरिक बदलाव के साथ बाहरी आता ही आता है। आप ये नहीं कह सकते कि मैं भीतर से बदल गया हूँ, पर बाहर मेरे सब कुछ वैसा ही है जैसा पहले था। कि मैं भीतर से तो बदल गया हूँ, पर मैं अभी भी वही खाता हूँ जो मैं पहले खाता था। मेरी अभी भी संगत वही है जो पहले थी। मेरा अभी भी चुनाव करने का तरीक़ा, नौकरी करने का तरीक़ा, रिश्ते बनाने का तरीक़ा, सब वैसा ही है जैसा पहले था। लेकिन मेरा दावा ये है कि मैं भीतर से बदल गया हूँ।




