हम ठीक वैसा ही देखते हैं, जैसा हम होते हैं। जो यह तय करना चाहता है कि दूसरा नकली है या नहीं, उसे पहले अपने आपको असली करना पड़ेगा। दूसरों से सतर्क मत रहो, अपने आप से सतर्क रहो। तुम्हारा सबसे बड़ा दुश्मन तुम्हारे भीतर ही बैठा हुआ है। तुम्हें एक क्षण नहीं लगेगा नकली को नकली जान लेने में, अगर तुम असली हो गए। जिसको दूसरे की सच्चाई जाननी है, उसको पहले अपनी सच्चाई जाननी पड़ेगी। अपने भीतर ही समाधान खोजना पड़ेगा।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: सर, हम उन लोगों को कैसे पहचानें जो नकली हैं, जो दिखावा कर रहे हैं?
आचार्य प्रशांत: सवाल दूसरे को ध्यान में रखकर पूछा गया है कि किसी ऐसे को कैसे पहचानें जो नकली है, जो दिखावा कर रहा है, जिसका अपने अंतस् से कोई संबंध नहीं है। सवाल दूसरे को ध्यान में रखकर पूछा गया है। लेकिन इसका समाधान दूसरे को ध्यान में रख कर नहीं दिया जा सकता।
हम वैसा ही देखते हैं, जैसा हम होते हैं। बात समझ रहे हो?
हम ठीक वैसा ही देखते हैं, जैसा हम होते हैं।
तुम्हारी आँखों पर जिस रंग का चश्मा लगा हो, दुनिया तुम्हें ठीक वैसे ही नज़र आएगी। तुम यदि सिर्फ अपने आप को एक व्यक्तित्व मानते हो, तो तुमको सिर्फ सामने वाले में व्यक्तित्व ही नज़र आएगा। तुम अपने आप को अगर बस सिर्फ इतना ही जानते हो कि मैं वही हूँ जैसे मैंने कपड़े पहन रखे हैं, जैसे मेरी शक्ल-सूरत है, जैसा मेरा चलने का और बात करने का अंदाज़ है। तुम अपने आप को अगर इन्हीं पैमानों पर परिभाषित करते हो, तो तुम सामने वाले को भी इन्हीं पैमानों पर परखोगे। बात सीधी है?




