ज़्यादातर लोग हँस रहे हैं, क्यों हँस रहे हैं? क्योंकि जिन चीज़ों को तुम भाव से या संवेदना से जोड़ रहे हो, या पवित्र मान रहे हो, वो वास्तव में किसी के लिए पवित्र, वग़ैरह है ही नहीं, ऊपर-ऊपर से लोग पाखंड कर देते थे। तो जब कोई आकर के उस पाखंड का नक़ाब उतार देता है तो लोग कहते हैं, “चलो, अच्छा हुआ, हँस ही लो इस पर।”
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: नमस्कार आचार्य जी। मेरा नाम अरिहंत है। अभी देश में एक नया ट्रेंड चल रहा है, मतलब था पहले से ही परंतु अभी ये मेनस्ट्रीम में है, वो है डार्क ह्यूमर का। उसमें हम दर्द और आघातों का मज़ाक बनाते हैं। इसमें जानवरों के प्रति क्रूरता, किसी महापुरुषों का अपमान, मृत्यु पर चुटकुला किया जाता है, यहाँ तक कि रेप विक्टिम्स और एसिड अटैक विक्टिम्स पर भी चुटकुले बनाए जाते हैं। और उससे भी गंभीर बात ये होती है कि कई सारे लोग उस पर हँसते भी हैं।
तो आचार्य जी, मेरा प्रश्न ये है कि कैसे तय किया जाए कि हास्य और संवेदनहीनता, इनके बीच में कितनी महीन रेखा होनी चाहिए? और यहाँ स्वतंत्रता और सीमाओं का कैसे आंकना चाहिए?
आचार्य प्रशांत: सबसे पहले तो सवाल में झूठ कम बोलना चाहिए कि "कुछ लोग इन पर हँसते हैं।” अगर कुछ ही लोग हँस रहे होते, तो किसी भी स्टैंडअप को या कॉमेडियन को कोई ज़रूरत नहीं थी कि वो डार्क ह्यूमर का ख़तरा उठाता। कुछ ही लोग नहीं हँस रहे हैं सब हँस रहे हैं, क्योंकि सब हँस रहे हैं इसलिए ये जो कुछ भी है, जिसको तुम बोल रहे हो कि भावनाओं और संवेदनाओं पर आघात होता है, वो चल रहा है।




