हम अक्सर चुपचाप सह लेने को बड़प्पन मान लेते हैं और उसे अपनी शक्ति कहते हैं। पर भगवान महावीर का सहना हमारे झुकने जैसा नहीं था। उन्होंने बाहर नहीं, भीतर के दुश्मन से युद्ध किया, और उनकी तितिक्षा संघर्ष के साथ चलती थी, उसके बदले नहीं। उनके सहने के पीछे संकल्प था; हमारे सहने के पीछे अक्सर बल की कमी, डर या किसी लाभ की आशा होती है। जो तितिक्षा संघर्ष का विकल्प बन जाए, वह तितिक्षा नहीं, कायरता है। तो हमारा सहना वीरता है या बस डर?
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
[ग्रेटर नोएडा में हुए आचार्य प्रशांत के एक वेदांत संहिता सत्र से। मंच के पीछे भगवान महावीर का एक चित्र लगा था, जिसमें उन पर शारीरिक आघात हो रहा है और वे शांत, मौन, ध्यान में बैठे हैं। उसे देखकर एक प्रश्नकर्ता ने पूछा कि वे मोहित क्यों नहीं हुए।]
प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, जैसे आपके पीछे जो पोस्टर है, उसमें भगवान महावीर की तस्वीर है। और उनकी भी एक प्रचलित कथा है कि उनको मोहित करने के लिए अप्सरा या महिला को भेजा गया था। पर भगवान महावीर उन गिने-चुने लोगों में से हैं जो मोहित नहीं हुए। तो उनमें ऐसा क्या था?
आचार्य प्रशांत: वो मामला बस उस महिला का नहीं है ना। वो जीवन ऐसा जिया जाता है जिसमें अपना पता होता है, आत्मज्ञान होता है। फिर सामने जो भी विषय आता है, विषय से पहले इंसान को आईना दिख जाता है: मैं इसके माध्यम से क्या हासिल करना चाहता हूँ? सब दिख जाता है। उसके बाद आप उस व्यक्ति को ठग नहीं सकते। असंभव हो जाएगा छलना। बाहर से आता होगा कोई दुश्मन, उसको पता होता है कि असली दुश्मन मेरे भीतर बैठा है।
जो अपने भीतर के दुश्मन को जीत ले, वही महावीर कहलाता है।
और जो इतना मूर्ख हो कि उसको दुश्मन सब बाहर ही बाहर दिखाई देते हों, उसके लिए फिर कुछ बढ़िया-सा चटपटा नाम होना चाहिए।
सोचा तुमने कभी कि जो कभी किसी से लड़े नहीं, जिन्होंने कभी किसी पर हथियार नहीं उठाया, यहाँ पर भी यही दिखा रहे हो कि उनके ऊपर शारीरिक आघात हो रहा है पर वो शांत, मौन, ध्यान में बैठे हैं, जो कभी किसी से लड़े नहीं, किसी को मारा नहीं, हमने उनको क्यों महावीर बोला? क्योंकि उन्होंने वो युद्ध लड़ा जो लड़ने लायक़ है। “हरि भीतर ही प्रकटेंगे अभी, यदि स्वयं से तुम युद्ध करो।” (श्रोता साथ-साथ बोलते हैं) वो महावीर हैं।
और जो ऐसे ही होते हैं, सब अल्लू-छल्लू, वो ख़ुद से हारे हुए होते हैं, पर दुनिया से लड़ने को तैयार। यहाँ जाकर सुबह लड़ाई की, दोपहर में वहाँ जाकर पंगे किए; कभी इससे, कभी उससे।
ख़ुद से हारे हुए हो, दुनिया से क्या जीतोगे?
लेकिन ये कोई नीति नहीं है। याद रखना, “तितिक्षस्व” “युध्यस्व” के साथ चलता है। अहंकार जहाँ अपने को ख़तरे में पाएगा, वहाँ हो सकता है कि इसी व्यवहार को नीति बना ले। ये वीरता का परिणाम है, कायरता का नहीं। तो अपनी कायरता को छुपाने के लिए ऐसा व्यवहार मत करने लग जाना, नक़ल मत करने लग जाना कि देखो, यही काम तो हमारे तीर्थंकरों ने किया है, तो मैं भी बर्दाश्त किए लेता हूँ।
उनका बर्दाश्त करना एक बात है, आपका बर्दाश्त करना दूसरी बात है। वो बर्दाश्त कर ही नहीं रहे हैं। जिसको चोट लगती है, वो उनके भीतर अब मौजूद ही नहीं है। उनके कानों से ख़ून बह रहा है, उनके भीतर से कोई ख़ून नहीं बह रहा। और आप जब बर्दाश्त करते हो, तो आप इसलिए करते हो कि झुक जाऊँगा तो क्या पता अहंकार को कुछ लाभ हो जाए। वो कायरता है, ये वीरता है। हमारा झुकना कायरता होता है। तो इसीलिए आप तो संघर्ष सीखो। “क्षमा शोभती उस भुजंग को, जिसके पास गरल हो।”
वो महावीर हैं। उनके लिए यह अब लीला है, खेल है। वो झुक नहीं रहे हैं, वो आसमान हो गए हैं। आप जब बर्दाश्त करते हो, आप जब घुटने टेकते हो, तो बिल्कुल दूसरी बात होती है। आप वो सब इसलिए करते हो कि कुछ लाभ हो जाए, और अगर घुटने नहीं टेके, तो कहीं कोई नुक़सान न हो जाए। वो दो बहुत अलग-अलग बातें हैं, तो इसलिए सावधान कर रहा हूँ।
उनके केंद्र से जुड़ो, उनके व्यवहार की नक़ल मत करने लग जाना। उन्होंने वहाँ तक पहुँचने के लिए बहुत संघर्ष किया है। आप बिना संघर्ष किए वहाँ तक नहीं पहुँच पाओगे। तो इसको आप संतोष या सहनशक्ति का दृश्य मत समझ लेना। ये शूरता की पराकाष्ठा है, ये महावीरता का दृश्य है। ये ऐसा नहीं है कि वो बस बैठ गए हैं कि कोई बात नहीं, आ जाओ, जिसको जो करना है, कर लो। इसको ऐसे मत पढ़ लीजिएगा।
तितिक्षा और संघर्ष साथ-साथ चलते हैं। संघर्ष चलता रहे, इसीलिए तो तितिक्षा चाहिए।
वो तितिक्षा जो संघर्ष का विकल्प बन जाए, वो तितिक्षा नहीं, कायरता है।
तितिक्षा माने भीतर कुछ हमारे पास ऐसा है जो बहुत क़ीमती है, और उसकी ख़ातिर बाहर जो बर्दाश्त करना पड़ेगा, सब करेंगे। किसी योद्धा को ही तितिक्षा शोभा देती है। उनको शोभा देती है। कायरों को तितिक्षा शब्द शोभा नहीं देता। वो तितिक्षा नहीं है तुम्हारी, वो सिर्फ़ तुम्हारा ख़ौफ़ है। तुम बोलो कि नहीं-नहीं, मैं तो बड़ी उदार हूँ, बड़ी सहनशील हूँ, बड़ी सहृदय हूँ, मुझे तो कोई कुछ भी कहता रहता है, मैं तो कभी जवाब भी नहीं देती, तो यह तितिक्षा की बात नहीं हो गई। कायरता है वो।
वो यह कर भी रहे हैं, तो यह करके वो अपना काम आगे बढ़ा रहे हैं। वो यह कर भी रहे हैं, तो ऐसा करके वो एक संदेश दे रहे हैं। इसीलिए तितिक्षा शब्द यहाँ इतना उपयुक्त है। एक किताब लिख दी जाती है, उससे कहीं ज़्यादा मुखर यह एक चित्र है, है ना? और देखो, यह जो चित्र-रूपी किताब है, यह हम तक पहुँची है ना! तो उनका मिशन आगे बढ़ रहा है ना! वो जानते हैं वो क्या कर रहे हैं। वो कह रहे हैं कि मैं जो संदेश मानवता तक पहुँचाना चाहता हूँ, उसके लिए मेरे शब्द शायद अपर्याप्त हो जाएँ, पर यह चित्र बहुत उपयोगी रहेगा। स्वयं शारीरिक कष्ट सहकर वो मानवता को कुछ सिखा रहे हैं। वो अपना काम ही आगे बढ़ा रहे हैं।
अच्छा किया सवाल पूछ लिया, क्योंकि बहुत संभावना थी कि इसको देखकर बहुतों को यही हो जाता: अभी वापस जाएँगे, पाँच जूते खाएँगे, और कहेंगे, “देखो, बर्दाश्त करना अच्छी बात होती है।” (श्रोता हँसते हैं)
वो राजपुत्र हैं। किसी बड़े उद्देश्य की ख़ातिर वो बर्दाश्त कर रहे हैं। इसलिए नहीं बर्दाश्त कर रहे कि उनके पास ताक़त का अभाव है; उनके पास ताक़त का कोई अभाव नहीं। हम बर्दाश्त करते हैं, क्योंकि हममें बल की कमी होती है। ये बर्दाश्त कर रहे हैं, क्योंकि इनके पास संकल्प की अधिकता है।







