नाज़ुक कार नहीं, मस्त रोडरोलर बनो || आचार्य प्रशांत, वेदांत महोत्सव ऋषिकेश में (2021)

प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, शत् शत् नमन। आचार्य जी, मैं दो प्रश्न पूछना चाहता हूँ। पहला प्रश्न थोड़ा कहानी की तरह है। मैंने सबसे पहले आपका शिविर बैंगलोर में और दूसरा अभी पिछले महीने ऋषिकेश में ही अटेंड (भाग लिया) किया था। पिछले शिविर के लिए जब मैं आया था तो बहुत ही ज़्यादा खुश था और जो चार दिन यहाँ बीते उसमें निरंतर यही चर्चाएँ होती रही — अध्यात्म, माया और इन्हीं से सम्बन्धित सब चीजों की चर्चा होती रही।
तो जब घर वापस पहुँचा तो एक अजीब सा साहस प्रतीत हो रहा था और पहले चार-पाँच दिन सिर्फ़ आपकी ही बातें करता रहा। उससे कुछ लोग प्रभावित भी हुए और उन्होंने आपके वीडियोज़ देखने भी शुरु किए। फिर उसके बाद कुछ परिस्थितियाँ ऐसी हुई की मुझे कहीं जाना पड़ा और वहाँ मुझे किसी चीज़ के लिए फ़ोर्स (दबाव) किया गया, यह परिवारिक संदर्भ में ही था सारा। तब पहली बार मैंने साहस करके उन चीज़ों को नकारा।
सब बहुत हैरान हुए कि तुम इतना बदल कैसे गये। तभी से मेरे रिश्ते काफ़ी रॉकी (पथरीले) हो गये हैं क्योंकि मैं सामने वाले की ग़लत बात नहीं सुन पा रहा। मुझे लगता है कि ये उस लेवल (ऊँचे स्तर) पर थोड़ी ही हैं कि मैं इनकी बात मानकर कुछ ज़िंदगी में करूँ। लेकिन मेरे अपने डिसीज़न (फैसले) भी कोई बहुत अच्छे नहीं होते तो फिर लोग मुझे ताने भी मारते हैं कि 'तुमने कौन सा बड़ा काम कर दिया।'
वो समझ में आता है कि हमारे जीवन में अभी ऐसा कुछ नहीं है जो दूसरों के लिए उदाहरण बने।
इस दूसरे शिविर के आने के लिए थोड़ा सा डांवाडोल था मन। वो समझ आ रहा था कि माया का खेल चल रहा है। पहुँच भी गया, अभी भी बैठा था, बैठने से पहले मन में क्षुब्धता सी थी। तो ये जो पूरा इतना समय मन का खेल है, मैं नहीं समझ पा रहा कि हो क्या रहा है सबकुछ। तो इस पर आपसे चाहता हूँ कि थोड़ा सा प्रकाश डालें।



