जहाँ अपूर्णता दिखेगी, वहाँ लालच का आना लाज़मी है। अब कोई भी तुम्हें ग़ुलाम बना सकता है, जो तुम्हें यह कहेगा, 'जो कमी है, मैं पूरी कर दूँगा।' यदि तुम्हें दूसरों की ग़ुलामी और दबाव से मुक्त होना है, तो औज़ार मत तलाशो, ताकत मत तलाशो। लालच तलाशो, लालच कहाँ है। क्या पाने की उम्मीद में अभी भी अटके हुए हो? जहाँ लालच है, वहाँ जान लो—यहीं फँसा हुआ हूँ और आगे बढ़ जाओ।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
आचार्य प्रशांत: दबाव तो आप तभी बर्दाश्त करते हो जब उसमें मुनाफा दिख रहा हो। मुनाफा जिसको चाहिए वो वही है जो सोचता है कि अभी कुछ कमी है।
सत्र के आरंभ में ही हमने कहा था कि अहंता की परिभाषा ही यही है कि वो हमेशा कुछ-न-कुछ कम पाती है, उसे कहीं कुछ-न-कुछ खोट नज़र आती है। जहाँ कमी दिखेगी, जहाँ अपूर्णता दिखेगी, वहाँ लालच का आना लाज़मी है। अब कोई भी तुम्हारा मालिक बन सकता है। जो भी तुमको ये आश्वासन दे देगा कि, "जिस चीज़ की तुम्हारी ज़िन्दगी में कमी है वो मैं पूरी कर दूँगा" वो ही तुम्हारी नकेल पकड़ लेगा।
फिर तुम कहोगे उसने तुमपर दबाव डाल दिया है। दबाव कोई किसी पर नहीं डाल सकता। तुम जबतक स्वयं न चुनो ग़ुलामी तब तक कोई तुम्हें ग़ुलाम बना नहीं सकता और आगे सुनना, कि तुम जब भी चुनोगे ग़ुलामी ही चुनोगे। चुनना ही ग़ुलामी है। अपनी नज़र में तो हर कोई मुक्ति ही चुन रहा होता है। आज तक किसी ने जानते-बूझते ग़ुलामी नहीं चुनी। हम सब होशियार लोग हैं। हम ग़ुलामी यदि चुनते भी हैं तो एक माध्यम की तरह, हम कहते हैं, “आज ग़ुलामी चुन लो, इसके माध्यम से कल बड़ी आज़ादी मिल जाएगी।”
हम बड़े अक्लमंद हैं, हम बड़ी योजनाएँ जानते हैं। चुनतेले (चुनने वाले) हमीं हैं, फिर हम कहते हैं, “ये क्यों हो रहा है?” याद रखना अगर कुछ भी ऐसा हो रहा है, सूत्र की तरह पकड़ लो इसको, जीवन में अगर कुछ भी ऐसा हो रहा है जो कष्ट का कारण बन रहा है तो तुमने उसको चुना है। और जीवन में जो भी है जो तुम्हें मुक्ति देना चाहता है, आराम देना चाहता है, वो तुम्हारे बावजूद है। तुम्हारा बस चलता तो तुमने उसको कब का मिटा दिया होता, तुम्हारा बस चलता तो या तो तुम भाग गए होते या उसे भगा दिया होता। तो जब भी कुछ बुरा लगे पूछा ही मत करो, जान जाया करो, “मेरी ही करतूत है, मैंने ही किया होगा।“ और जब भी कहीं विश्राम मिले तब भी पूछ्ना ही मत, कहना, “ बड़ा चमत्कार है, मेरे रहते मुझे विश्राम मिल गया।“




