अकेलापन बाहर लोगों की कमी से नहीं, भीतर के अधूरेपन की मान्यता से पैदा होता है। जब व्यक्ति मान लेता है कि उसे पूरा होने के लिए किसी व्यक्ति, वस्तु या उपलब्धि की ज़रूरत है, तब वह लगातार खोज और निर्भरता में भटकता है। यह भावना सामाजिक मान्यताओं और बाज़ार द्वारा भी पोषित होती है। समाधान बाहर कुछ जोड़ने में नहीं, बल्कि इस झूठी धारणा को पहचानने में है कि हम मूलतः अधूरे हैं। आत्मज्ञान के साथ यह भ्रम टूटता है और अकेलापन स्वतः समाप्त होने लगता है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: मैं हमारे जो युवा हैं, उनके जो प्रश्न रहते हैं, उनके मन में जो विचार रहते हैं, उनकी जो उलझनें हैं, उसको लेकर पूछना चाहती हूँ कि अक्सर ये होता है कि हमारी जब सुबह होती है, तब हम लोगों के बीच में रहते हैं। हमारा सोशल मीडिया होता है। बट जब एक वक़्त आता है, जब हम खुद को अकेला महसूस करते हैं, तो उस अकेलेपन को किस तरह से कम कर सकते हैं? क्या कुछ उस पर विचार है?
आचार्य प्रशांत: देखिए, हमें अकेलापन नहीं अनुभव होता। हमें एक मान्यता, एक आशा का दर्द अनुभव होता है।
एक सवाल पूछ रहा हूँ। आप छह घंटे, आठ घंटे सोते हो। उस वक़्त कोई अकेलापन लगता है क्या? कोई लगता है अकेलापन? पर जैसे ही जगते हो, एक आशा, कामना, मान्यता रहती है कि मेरे पास कोई या कुछ होना चाहिए। ये अभी सोते वक़्त नहीं थी। सोते वक़्त अहंकार दूसरी अवस्था में चला गया था, सुषुप्ति में था। सुषुप्ति में था, तो लोनलीनेस या अकेलापन भी नहीं था।
अब वो जागृत है और एक मान्यता सक्रिय हो गई है। वो मान्यता उसने कहाँ से उठाई, वो आप सोचिएगा। पर सक्रिय हुई है ये मान्यता कि मेरे पास कोई या कुछ होना चाहिए। और मेरे पास कोई या कुछ क्यों होना चाहिए? क्यों होना चाहिए? क्योंकि मैं अकेला हूँ, अधूरा हूँ। मैं अधूरा हूँ, तो इसलिए मेरे पास कुछ होना चाहिए, जो मुझे पूरा कर दे। ठीक है?




