प्रेम की गहराई हमेशा प्रेमी की अपनी चेतना जितनी होती है — जो जैसा है, उसका प्रेम भी वैसा ही होगा, चाहे उसे कितना भी पावन या अनोखा क्यों न मान लिया जाए। जिस चेतना ने खुद को कभी गहराई से नहीं जाना, वह प्रेम में भी सतह से आगे नहीं जा सकती। जो कोई अपने प्रेम को गहराई से परखने से बचता है, वह असल में खुद को परखने से बच रहा होता है — और यही बचाव, प्रेम के नाम पर पाला गया एक और भ्रम है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
आचार्य प्रशांत : आपके वीडियोज़ कल से लगातार सुन रहा हूं। प्रेम पर कई वीडियो देखे। आप प्रेम और प्रेमियों के बारे में इतने कठोर क्यों हैं? जब कृष्ण जी ने राधा जी से और राम जी ने सीता जी से प्यार किया तो आप हमें क्यों रोक रहे हो? आपके वीडियोज़ देखकर तो ऐसा लगता है जैसे आपके पास दिल ही न हो। नमन, लखनऊ से।
नमन भाई, जो बात तुमने यहां लिखी है उस बात का पूरा आशय समझाने के लिए ही मैं वो कहता हूं जो कहता हूं। तुमने लिखा ना कि कृष्ण ने राधा से, राम ने सीता से प्रेम किया था। यही मैं समझा रहा हूं कि वास्तविक प्रेम करने के लिए कृष्ण-सी और राम-सी, राधा-सी और सीता-सी ऊंचाइयां चाहिए। वो इतने ऊंचे थे तभी उनका प्रेम सदा के लिए अमर हो गया। हर किसी के प्रेम में वो ऊंचाई, वो गहराई होती नहीं है कि उसका प्रेम किसी मूल्य का, किसी स्मरण का समझा जाए। तुम जैसे हो, तुम्हारे प्रेम की गुणवत्ता भी बिल्कुल वैसी ही होती है। जैसे तुम, वैसा तुम्हारा प्रेम। कृष्ण का प्रेम बिल्कुल वैसा ही था जैसे कृष्ण थे। कृष्ण के समूचे जीवन में और कृष्ण के प्रेम में एक मेल मिलेगा, एक साम्य मिलेगा। तो कृष्ण के जीवन में अन्याय का विरोध है। श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश है। धर्म की रक्षा है। तमाम ऊंचे, अद्भुत, साहसी, अविश्वसनीय काम हैं। इसीलिए उनका राधा जी से प्रेम भी बहुत उच्च कोटि का है। तो कृष्ण का ख़ुद ऊंचा होना, कृष्ण के पूरे जीवन वृत्त में, उनकी ज़िंदगी की जो पूरी कहानी है उसमें, और श्रीकृष्ण की प्रेम कथा में एक सूत्र है जो साझा पिरोया हुआ है। गीता की ऊंचाई, कृष्ण के जीवन की ऊंचाई और कृष्ण के प्रेम की ऊंचाई तीनों एक हैं।







