अध्यात्म में मूर्खताएँ, अंधेरा और अंधापन छोड़ना होता है। अध्यात्म न तो घर पकड़ने का नाम है, न ही घर छोड़ने का। यह न तो पैसा पकड़ने का नाम है, न ही पैसा फेंकने का। विपरीत लिंगी से चिपकना या दो फुट दूर रहना भी अध्यात्म नहीं है। हमारी ज़िन्दगी, हमारे रिश्ते, भावनाएँ, विचार, चिंताएँ, कल्पनाएँ, और हमारे सपने इनको जानना, इनको समझना ही अध्यात्म है। इसी दुनिया में तमीज़ से जीने को अध्यात्म कहते हैं।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: आचार्य जी प्रणाम, मेरा नाम विक्की है, युवा हूँ। मैंने घर की आर्थिक स्थिति के कारण अपनी पढ़ाई छोड़ दी और मैं तीन साल से मल्टी लेवल मार्केटिंग व्यापार में हूँ। मुझे सब कुछ अपने ही दम पर करना है, समृद्ध बनना है। मेरे मित्र नौकरी छोड़कर ध्यान में लग गए हैं। मुझे जानना है कि मैं सही हूँ या गलत कर रहा हूँ।
आचार्य प्रशांत: मित्र आप की कहानी में कहाँ से आए? तुम मल्टी लेवल मार्केटिंग में हो विक्की तो किस बात की दुविधा है? क्या पूछना चाह रहे हो?
प्रश्नकर्ता: मुझे बताइए कि मेडिटेशन को और अपने करियर को कैसे बैलेंस करूँ?
आचार्य प्रशांत: तुम पूछ रहे हो कि तुमने जो सपने बना रखे हैं और तुम्हारे मन में ध्यान और संन्यास का जो ख़्याल है, जो कांसेप्ट है उसको बैलेंस कैसे करें? पूछ रहे हो कि ऐसा कैसे हो कि सपना और संन्यास दोनों ही मिल जाए और अभी तुमने जो किस्सा बताया, जो केस स्टडी बताई, उसमें तुमको समस्या इस बात में दिख रही है कि एक दोस्त है तुम्हारा जिसने अपने सब सपने इत्यादि छोड़कर संन्यास में चला गया है, कोई संस्था वगैरह है और वहाँ जाने के बाद कह रहा है कि नौकरी नहीं करूँगा, शादी नहीं करूँगा वगैरह-वगैरह।




