बच्चे को स्मॉल पॉक्स हुई है। और आपसे कोई कहेगा ये चेचक नहीं है, माता आई है इसको, और पाँच दिन तक इसको फलाने तालाब की मिट्टी का पानी छानकर पिलाओ। ये बात कौन मान सकता है? सिर्फ ऐसा आदमी जो अपनी ज़िंदगी के किसी भी पहलू में तथ्यों के लिए इज़्ज़त नहीं रखता। आप अगर ऐसे आदमी हो जो एक सच्ची ज़िंदगी जीते हो, तो आप सवाल पूछोगे ना? जो लोग तथ्य से जितना घबराते होंगे, वो उतने ज़्यादा अंधविश्वासी होंगे।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: प्रणाम, आचार्य जी। मेरा नाम अमृता सिंह है। मैं पंजाब से हूँ। मैंने आपको तीन महीने पहले ही सुनना शुरू किया है, गीता पढ़ने के लिए। मैं पहले माफ़ी चाहती हूँ, मेरी हिंदी बहुत अच्छी नहीं है।
आचार्य प्रशांत: नहीं-नहीं, बोलिए।
प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, मेरा सवाल ये है कि जैसे मैं पंजाब से हूँ, तो ये धरती को गुरुओं और पीरों की धरती माना गया है। यहाँ गुरु नानक देव जी हुए हैं, गुरु रविदास जी, सारे संत कबीर। इनकी गुरुवाणी हमारे पास है। तो इन्होंने तो अंधविश्वास को बहुत ज़्यादा काटा है, किसी ने, जैसे आपने कहा, लाठी से भी काटने की कोशिश की; और गुरु नानक देव जी ने बड़े प्यार से काटने की कोशिश की। तो फिर भी हम देखते हैं कि देहाती, देहात तक का एरिया है, गाँव का जो इलाका है, वहाँ पर आज भी ऐसी चीज़ें होती हैं। किसी में “माता” आ गई, तो वो अपने बालों को घुमाते हैं; कोई कुछ, कोई कुछ, ऐसी बहुत सारी बातें होती हैं यहाँ पर।
तो ऐसा फिर भी हमारे भीतर क्या है कि अगर हम वैज्ञानिक तथ्य भी उनके सामने रख देते हैं, तो वो मानते ही नहीं हैं उस चीज़ को? दिखाई भी देता है, वो मानता ही नहीं है। और जहाँ तक मैंने गीता आपसे सीखी है, तो ये तो बहुत सरल-सी बात है, सिर्फ़ “अहम्” को ही हम संबोधित करते हैं। तो जो हमें बताया गया है गुरुओं द्वारा, वो तो जीवन बहुत ही सरल है, उसमें तो किसी तरह का अंधविश्वास नहीं रखना।




