कुर्बानी है: छोड़ने-पाने का व्यापार,छोड़ा कम, पाया ज़्यादा और पाया अहंकार

क़ुर्बानी तो वास्तव में सिर्फ़ अहंकार की ही दी जा सकती है। और बोधयुक्त व्यक्ति अच्छे से जानता है कि ख़ुशी तो एक ही होती है — परम ख़ुशी, आनंद। पर हम जब कहते हैं कि दूसरे की ख़ुशी के लिए अपने आप को क़ुर्बान कर दिया है, तो क्या यह वास्तव में उनके आनंद के लिए है हमारी कुर्बानी? या उनके क्षणिक उन्माद के लिए? उनकी मुक्ति के लिए है या उनके भयों की रक्षा के लिए?
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: दूसरों की खुशी के लिए अपने आप को क़ुर्बान कर देते हैं और फिर देखते हैं कि अपनी ही नज़रों में अपनी कीमत गँवा बैठे हैं। रिश्तों में बड़े आसक्त रहते हैं और फिर उनको बचाने के लिए सौ कोशिशें करते हैं और दुख का अनुभव करते हैं। क्या करें?
आचार्य प्रशांत: कुछ करें नहीं, कर तो आप ख़ूब ही रहे हैं; करते ही गए हैं। करने में क्या कमी छोड़ी है? कर-कर के तो ये हालत बना ली है। पहले देखें कि आप जिस रूप में समस्या का वर्णन कर रहे हैं, स्थिति वास्तव में वैसी है भी कि नहीं। आपने एक कहानी परोस दी है, क्या वो तथ्यों से मेल खाती है? क्या बात वास्तव में वही है जो आपने लिखी?
आप कहते हैं कि दूसरों की ख़ुशी के लिए अपने आप को क़ुर्बान कर देते हैं। क़ुर्बानी तो वास्तव में सिर्फ़ अहंकार की ही दी जा सकती है। और बोधयुक्त व्यक्ति अच्छे से जानता है कि ख़ुशी तो एक ही होती है — परम ख़ुशी, आनंद। पर हम जब कहते हैं कि दूसरे की ख़ुशी के लिए अपने आप को क़ुर्बान कर दिया है, तो क्या यह वास्तव में उनके आनंद के लिए है हमारी कुर्बानी? या उनके क्षणिक उन्माद के लिए? उनकी मुक्ति के लिए है या उनके भयों की रक्षा के लिए?
ये भ्रम और इस भ्रम में निहित गर्व बहुतों को रहता है कि उन्होंने दूसरों के लिए अपने आप को क़ुर्बान कर दिया, दूसरों की ख़ुशी को अपनी ख़ुशी से ऊपर रखा। पर मैं आपसे कहना चाहूँगा, ये सिर्फ़ अहंकार की दर्पपूर्ण उक्ति है और कुछ नहीं। जिसे आप ख़ुशी कह रहे हैं वो एक पारस्परिक लेन-देन है; वो दु:ख का ही दूसरा चेहरा है। जिसे आप क़ुर्बानी कह रहे हैं वो सिर्फ़ व्यापार है। कुछ वास्तव में छोड़ा नहीं आपने, कुछ त्यागा नहीं। त्यागने योग्य तो मात्र अहंता होती है; कहाँ त्यागी? और जब तक अहंता नहीं त्यागी तो अहंता के रहते जो कुछ भी छोड़ा जाता है उसके बदले में सदा कुछ वापस लिया जाता है।



