एक आदर्श रहता है मन में कि ज़िंदगी ऐसी-ऐसी होनी चाहिए। और वो आदर्श लेकर आप पैदा नहीं हुए थे, वो आदर्श इधर-से-उधर-से आपके मन में आ गया। अब आपको ज़िंदगी नहीं चाहिए, अपने आदर्श जैसी ज़िंदगी चाहिए। उसमें ये भी शामिल है कि दोस्त ऐसे हों, पति ऐसा हो, जीवन ऐसा हो। और हमारे सारे आदर्श सामाजिक होते हैं। हमारा प्यार भी प्यार नहीं है, वो समाज का फ़रमान है, संस्कारों का आदेश है। इसके कारण जीवन जैसा सामने खड़ा होता है, वो हमें कभी-कभी दिखाई ही नहीं देता। हमारी ज़िंदगी बस एक तुलना बनकर रह जाती है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: नमस्ते आचार्य जी। आचार्य जी, मेरा प्रश्न ये है। मेरे पिताजी को न डिमेंशिया है, तो कभी-कभी अजीब-सी हरकतें करते हैं और वो भूल जाते हैं बातें, तो बार-बार पूछते हैं। तो मेरा अक्सर जो उनको रिएक्शन होता है वो फ्रस्ट्रेशन का होता है और मैं लड़ने बैठ जाती हूँ उनसे, बहस करने बैठ जाती हूँ।
तो मेरा प्रश्न ये है कि जब मैं जानती हूँ कि उनको डिमेंशिया है, फिर भी मैं ऐसा रिएक्शन देती हूँ, तो जिस जानने की आप बात करते हो वो कैसे होता है? वो क्या होता है? मैं क्यों नहीं समझ पाती हूँ? वो समझना है।
आचार्य प्रशांत: बेटा, एक आदर्श रहता है मन में कि ज़िंदगी ऐसी-ऐसी-ऐसी-ऐसी होनी चाहिए। और वो आदर्श लेकर आप पैदा नहीं हुए थे, वो आदर्श इधर-से-उधर-से, सौ तरह के चोर दरवाज़ों से आपके मन में आ गया। अब आपको ज़िंदगी नहीं चाहिए, अपने आदर्श जैसी ज़िंदगी चाहिए। उसमें ये भी शामिल है कि पिता ऐसे हों, दोस्त ऐसे हों, भाई ऐसे हों, पति ऐसा हो, दुनिया ऐसी हो, समाज ऐसा हो, जीवन ऐसा हो, मृत्यु ऐसी हो, पृथ्वी ऐसी हो, आकाश ऐसा हो, देवता ऐसा हो। ये सब जो वर्ल्ड-व्यू है, ये उसका हिस्सा है।




