हम में से बहुतों ने ख़बरों में देखा है: अरबों का मालिक हो या देश की शपथ लिए अफ़सर, एक ही चाह के आगे सब कुछ दाँव पर लग जाता है। हम मान लेते हैं कि उम्र, पैसा या पद आदमी को सँभाल लेंगे। पर भीतर बैठा अहंकार देह को अपना पहला घर मानता है, और उसे ढलते देखकर किसी भी तरह अमर होना चाहता है। तब शरीर की एक छोटी-सी प्राकृतिक बात मन की तृप्ति का वादा बन जाती है, जो कभी पूरा नहीं होता। न दबाने से बात बनती है, न पूजने से। तो जो चीज़ इतनी छोटी है, वह हमारी ज़िंदगी में इतनी बड़ी कैसे हो गई?
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
[ग्रेटर नोएडा में हुए वेदांत संहिता सत्र से, जहाँ एक प्रश्नकर्ता ने हाल की दो ख़बरों के हवाले से पूछा कि देश, पैसा और शपथ सब एक ही चाह के आगे क्यों हार जाते हैं]
प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, मेरा सवाल अभी हाल ही में हुई दो घटनाओं पर है। अमेरिका में [एक बड़ी कंपनी के प्रमुख] को अभी रिज़ाइन करना पड़ा। रिज़ाइन इसलिए करना पड़ा क्योंकि ख़बर सामने आई कि उनका एक्स्ट्रा मैरिटल अफ़ेयर चल रहा था। वहीं भारत में इंडियन एयर फ़ोर्स के एक विंग कमांडर पर यह आरोप है कि उन्होंने सेंसिटिव मिलिट्री इन्फ़ॉर्मेशन एक पाकिस्तानी स्पाई के साथ शेयर की।
तो एक के पास अरबों की संपत्ति है, दूसरे के पास यूनिफ़ॉर्म है। देश के प्रति उन्होंने शपथ ली है। फिर भी दोनों एक ही चीज़ के आगे सब कुछ गँवा देते हैं। तो जब देश, पैसा और सेक्स, ये तीनों होते हैं, तो हमेशा सेक्स ही क्यों जीतता है? और जब इतने बुद्धिमान और ताक़तवर लोग भी ख़ुद पर नियंत्रण नहीं रख पाते, तो मेरे जैसे एक साधारण व्यक्ति के लिए इस माया से बचने की क्या उम्मीद है?
आचार्य प्रशांत: देश, धर्म, शपथ, सत्य, ये सब सेक्स से हारते हैं, क्योंकि सेक्स ज़्यादा प्राथमिक, केंद्रीय, मूलभूत है। बाक़ी सब कुछ उसके लिए किया जाता है। तो जब भी आपकी जो दूसरी वृत्तियाँ होंगी, वो टकराएँगी उस प्राथमिक वृत्ति से, तो संभावना यही रहेगी कि प्राथमिक वाली ही जीतेगी।
देखो, अहंकार का पहला आश्रय देह है। और अहंकार को चाहिए अमरता, क्योंकि दावा वो कर बैठा है पूर्ण होने का। और देह को वो देखता है मरते हुए। देह को देख रहा है कि ये तो मरेगी, और वो बैठा है देह के अंदर, और ये जानता है कि देह से हटकर उसकी अपनी कोई हस्ती है नहीं। तो वो देह को लंबा खींचना चाहता है। इसीलिए हर आदमी शारीरिक मृत्यु से इतना घबराता है। किसी तरीक़े से देह को खींचो, लंबा खींचो, लंबा खींचो, क्योंकि देह नहीं तो अहंकार भी नहीं ना। ये वो घर नहीं है जिससे आप बाहर निकल जाएँ और बाहर जाकर कहीं सुरक्षित बच जाएँ। देह नहीं, तो फिर अहंकार भी नहीं।
तो इसीलिए हर आदमी शरीर की मृत्यु से इतना घबराता है। शरीर स्वयं अपनी मृत्यु से नहीं घबराता। शरीर के भीतर वो बैठा है जिसे गीता देही बोलती है। ये देही बहुत घबराता है देह की मृत्यु से। इसे शरीर को लंबा खींचना ही खींचना है। फिर जब इसे दिखाई देता है कि शरीर खिंच नहीं रहा, तो ये दो-तीन तरह के उपाय करता है।
एक उपाय तो ये है कि कह दे, “अच्छा! शरीर ग़द्दारी करेगा, शरीर नहीं बचेगा? तो कोई बात नहीं, हम शरीर से बाहर निकलकर हवा में उड़ जाएँगे और दूसरी देह में घुस जाएँगे।” कोशिश तो बहुत की कि ये शरीर न गिरे, न मरे, न जले, पर मान नहीं रहा। पता नहीं इसके भीतर कौन-सा कोड लिखा हुआ है कि बुढ़ा जाता है और फिर एक दिन गिर जाता है। “तो ठीक है, तू गिरता रह। मैं एक कहानी रच लूँगा कि शरीर के गिरने के बाद भी भीतर कोई है जो बाहर उड़ जाता है और अंततः वो दूसरा शरीर पा जाता है।” तो एक तो ये तरीक़ा है। ये साइकोलॉजिकल तरीक़ा है मौत से कोप करने का। द बेयर नेकेड फ़ैक्ट ऑफ़ एनायहिलेशन, उससे कोप करना पड़ेगा ना। तो यह उसका मानसिक तरीक़ा है: बोल दो कि मेरा पुनर्जन्म हो जाएगा, मैं तो नहीं मरता, मैं तो नहीं मरता। यह झूठ को बचाने का एक मनोवैज्ञानिक तरीक़ा हो गया।
और तरीक़े होते हैं। “मैं मर भी जाऊँ, तो मैं लोगों की यादों में ज़िंदा रहूँगा। बनवा दो मेरा बहुत बड़ा मक़बरा।” या घर पर नाम लिख दो, “पापा स्मृति।” और तब लिख दो जब मैं ज़िंदा हूँ, ताकि मुझे लगे कि मैं मर भी जाऊँगा, तो इनके खोपड़े में फिर भी घुसा रहूँगा। जब भी घर में आएँगे, तो यही देखेंगे।
एक तरीक़ा है कि औलादों को अपना नाम पकड़ा दो। ठीक है? चोपड़ा जी मर गए, अपने पीछे तीन चोपड़ा छोड़ गए हैं। (श्रोता हँसते हैं) तो बताओ, मरे कैसे? ज़िंदा हैं अभी भी। सिंह साहब गए, अपने पीछे तीन सिंह छोड़ गए। तो बताओ, मरे कैसे हैं? अभी ज़िंदा ही हैं। तो एक तरीक़ा यह हो गया। और इसी तरीक़े के केंद्र में बैठा है सेक्स। वह अहंकार की बहुत पुरानी वृत्ति से संबंधित है: मुझे पता है कि मेरा घर हर पल जर्जर हो रहा है, गिर रहा है; जल्दी से जल्दी दूसरे घर बना दो, जल्दी से जल्दी।
अब यह वृत्ति सब जानवरों में भी पाई जाती है, पर उनमें यह सिर्फ़ शारीरिक होती है, क्योंकि उन्हें शारीरिक तल पर ज़िंदा रहना है। आपके भीतर कोई बैक्टीरिया, वायरस घुस जाता है, तो आपका शरीर ख़ुद ही उससे लड़ता है। इसमें कोई ईगो नहीं है; वह शरीर की अपनी प्रक्रिया है। इसी तरह से जानवर भी सेक्स करता है। उसमें कुछ ईगो नहीं है; वह एक शारीरिक बात है। पर मनुष्य को सिर्फ़ शारीरिक रूप से नहीं बचे रहना है, उसे बचे रहना है अहंकारिक रूप से भी। तो इसीलिए मनुष्य में सेक्स को लेकर जो हवस, जो भूख पाई जाती है, वैसी जानवरों में नहीं होती।
“कामी नर कुत्ता सदा छह ऋतु बारह मास। कामी कुत्ता चार रोज़, अंतर रहे उदास।” यहाँ शरीर और अहंकार के बीच का भेद ही स्पष्ट किया गया है: जानवर भी सेक्स करते हैं, पर उनका समय आता है, मौसम आता है, उनकी हीट का समय आता है। वो उस समय अपना करके निवृत्त हो जाते हैं, और फिर पूरे साल उदासीन हो जाते हैं, इनडिफ़रेंट हो जाते हैं। आप उनको फिर सेक्स की ओर प्रेरित नहीं कर पाओगे। एक सीमित अवधि, लिमिटेड पीरियड, कि यह इनका मेटिंग का पीरियड है। इसमें इनकी मेटिंग हो जाती है, और उसके बाद बाक़ी साल भर वो सेक्स के पीछे नहीं भागेंगे।
पर, “कामी नर कुत्ता सदा छह ऋतु बारह मास।” इंसान बारह महीने, हर समय, हर दिन सेक्शुअल रहता है, क्योंकि प्रकृति ने सेक्स की जो प्रक्रिया बनाई है, वह तो छोटी-सी है। वह तो बस इसलिए है कि प्रजाति आगे बढ़ती रहे।
प्रकृति प्रजाति को आगे बढ़ाना चाहती है। इंसान अहंकार को आगे बढ़ाना चाहता है।
इसीलिए एक कंटीन्यूअस सेक्शुअल ऑब्सेशन रहता है, जो और जानवरों में नहीं देखा जाएगा। जब बाक़ी जानवर मेटिंग करते हैं, तो वो सिर्फ़ क्या कर रहे हैं? वो अपनी प्रजाति को आगे बढ़ा रहे हैं। उसमें उनके लिए कोई साइकोलॉजिकल सस्टेनेंस नहीं है। पर मनुष्य के पास एक अतिरिक्त चीज़ है, एक गहरी भीतरी अपूर्णता, अहंकार नाम की। और वह अपने आप को बचाने के लिए, अपने आप को बढ़ाने के लिए, या अपने आप को तृप्ति देने के लिए नए-नए ठिकाने और शिकार खोजती है। दूसरे का शरीर उसके लिए सिर्फ़ शरीर नहीं होता; उसके लिए मनोवैज्ञानिक तृप्ति पाने का साधन होता है। और दूसरे के शरीर से अगर औलाद मिलती हो, तो वह सिर्फ़ प्रजाति को बढ़ाने की बात नहीं होती; वह अहंकार की अमरता की बात हो जाती है: “मेरे बाद भी इस दुनिया में ज़िंदा मेरा नाम रहेगा, जो भी तुझे देखेगा, तुझे मेरा लाल कहेगा।” ये अमर होना चाहते हैं।
कोई जानवर नहीं गाएगा, “तुझे सूरज कहूँ या चंदा, तुझे दीप कहूँ या तारा, मेरा नाम करेगा रोशन, जग में मेरा राजदुलारा।” यह एक अहंकारिक माँग है। कुत्ता थोड़ी कहेगा कि अब तू पिल्ला पैदा हुआ है, जा, मेरा नाम रोशन कर। प्रकृति ने उसको बोला था, पैदा कर दे; उसने पैदा कर दिया। अब नाम रोशन वग़ैरह कुछ नहीं। बोला, “भाग जा यहाँ से, खाना खाने दे।” पर मनुष्य उसको पैदा करता है, तो नाम रोशन माने क्या होता है? यह अहंकार की माँग है। और अहंकार की यह माँग पूरी हो, उसके लिए ज़रूरी है कि पहले वह राजदुलारा पैदा हो। उसके लिए ज़रूरी है कि सेक्स किया जाए। और यह बात पता होती नहीं है।
तो इसीलिए, “कामी नर कुत्ता सदा छह ऋतु बारह मास।” लगातार आदमी हवस में ही घूम रहा होता है कि किसी तरीक़े से सेक्स मिल जाए। जितने जानवर होते हैं, उनके जीवन की भी एक अवधि होती है, जिसके बाद उनकी सेक्शुअल लाइफ़ ख़त्म हो जाती है; फ़िज़िकल लाइफ़ चलती रहती है। मनुष्य की नहीं होती। वो उसे बढ़ाने के हज़ार इंतज़ाम करता रहता है: यह ले आओ, वो ले आओ, तमाम तरीक़े के, कोई शिलाजीत, कोई एफ़्रोडिज़ियाक, कोई वियाग्रा, कोई कुछ। हर साल कुछ न कुछ नई ईजाद होती रहती है।
जानवर के साथ थोड़ी होगा। उसका शरीर अगर साथ नहीं दे रहा, तो वह ख़ुद ही एक तरह से संन्यासी हो जाता है। वह ख़ुद ही पीछे हो जाता है, विरक्त हो जाता है। मनुष्य विरक्त नहीं होने पाता। शरीर साथ दे न दे, भीतर वह बैठा है जो अभी भी कामातुर है।
और मैंने कहा कि यह मूलभूत माँग है, क्योंकि शरीर अहंकार का पहला घर है; वह पहला विषय है। शरीर के माध्यम से ही अहंकार आगे की और सब चीज़ें हासिल करता है। आपको यह चाहिए, तो इसको पाने के लिए फिर हाथ चाहिए, या इसको सोचने के लिए मस्तिष्क चाहिए। तो शरीर न रहे, तो आगे के विषय कैसे हासिल होंगे? तो इसीलिए वह शरीर को एकदम मूलभूत तरीक़े से पकड़कर रखता है। बाक़ी सब कुछ इसीलिए किया जाता है ताकि यह माँग पूरी हो सके।
आपने कहा कि वो सज्जन, उनके पास पैसा था; या कोई और है, उसके पास देश है, धर्म है, शपथ है, कर्तव्य है। किसी के पास और कुछ है, किसी के पास इज़्ज़त है बहुत सारी। तो ये लोग इतने ज़्यादा सेक्शुअली ऑब्सेस्ड क्यों हो जाते हैं, और अपने आप को कई बार इस हवस में तबाह भी कर लेते हैं? ऐसा क्यों होता है? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पैसा कमाया ही गया था अंततः सेक्स के लिए। अब उसका वो उपयोग हो पाए चाहे न हो पाए, अलग बात है।
लेकिन जब आत्म-अज्ञान है, आप अपने आप को जानते नहीं हो, तो आपको नहीं पता होता कि आपकी कामना के पीछे कौन है। आपको नहीं पता होता कि आपके कर्मों का छुपा हुआ उद्देश्य क्या है। आप सोचते हो, “मैं तो साहब पैसा कमा रहा हूँ।” आप सोचते हो, “साहब, मैं तो किसी एंट्रेंस एग्ज़ाम की तैयारी कर रहा हूँ।” वो सब कुछ हो रहा होता है दबे-छुपे तरीक़े से बहुत हद तक सेक्स के लिए ही।
यहाँ ऑटो एक्सपो लगता है। वहाँ गाड़ी का नया मॉडल लॉन्च होगा, तो उसके बग़ल में एक कामिनी हमेशा खड़ी की जाएगी, आपको याद दिलाने के लिए कि अगर तू यह ले लेगा, तो वो भी मिल जाएगी साथ में। जिन्हें आईने से डर नहीं लगता, उन्हें ख़ुद ही ये बातें अपने बारे में पता होती हैं। और जो आईने से हमेशा भागे रहते हैं, उन्हें ये बातें नहीं पता होतीं। वो सोचते हैं, “साहब, मैं तो देश सेवा करना चाहता हूँ, इसीलिए यूपीएससी की तैयारी में लगा हूँ।” वो जाकर एक साधारण-सा सर्वेक्षण भी नहीं करते कि जिनका चयन हो जाता है, वो फिर किसकी सेवा करते हैं। लेकिन एक बात निश्चित है: चयन हो जाता है, तो लड़की अच्छी मिलती है। और अच्छी से एक ही अर्थ है। अच्छी माने वो थोड़े ही, जो तुम्हारी गुरु ही बन जाए और तुम्हें मोक्ष दे दे; आ जाए और बोले, “मैं बड़ी विदुषी हूँ, ज्ञानी हूँ बिल्कुल, बैठो मेरे सामने, अभी तुम्हारा सब मोह-भ्रम दूर किए देती हूँ, और अपन साथ बैठकर गीता सुना करेंगे।” एकदम भगा दोगे उसको। अच्छी लड़की माने अच्छी लड़की।
यह बात दूसरी तरफ़ से भी लागू होती है। यह बात सब मनुष्यों पर लागू होती है। महिलाओं को देखते नहीं हो, कैसे आतुर रहती हैं कि जल्दी से जल्दी बच्चा पैदा कर दें? और न पैदा करें, तो उन्हें ख़ुद ही नहीं समझ में आता कि हमारा मन क्यों झुका-झुका रहता है, भीतर कुछ क्यों बुझा-बुझा-सा रहता है, ज़िंदगी में बड़ा सूनापन लगता है। वही पुरानी आदिम वृत्ति। भीतर कोई बैठा है जो देख रहा है कि देह जाती है। आपने अपनी माँ को देखा है, अपनी दादी को देखा है। आपने देखा है कि देह चली जाती है: पहले मेनोपॉज़ होता है, फिर मौत आती है। देह चली जाए, इससे पहले अहंकार के लिए एक नया ठिकाना खोज लो। और नया ठिकाना किसके रूप में मिलता है? आगे, आगे, आगे, आगे। बात आ रही है समझ में?
तो जब भी ये दोनों टकराएँगे, सेक्स ही जीतेगा। देशभक्ति और सेक्स टकराएँगे, सेक्स जीतेगा। कर्तव्य और सेक्स टकराएँगे, सेक्स जीतेगा। पैसा और सेक्स टकराएँगे, वहाँ भी सेक्स के ही जीतने की संभावना है। कुछ अपवाद हो सकते हैं; अपवाद मत गिनाने लगिएगा। पर अपवाद जब होते हैं, अक्सर आप देखोगे कि कोई खड़ा हो गया, “मैं ब्रह्मचारी हूँ,” तो उसका अर्थ यह नहीं है कि उसको नहीं चाहिए। इसका ज़्यादा संभावित अर्थ यह है कि उसको और सेक्स ही चाहिए, तो इसलिए कह रहा है, “मैं तो ब्रह्मचारी हूँ, मैं मना कर रहा हूँ।” बात आ रही है समझ में?
हज़ार तरह की बीमारियाँ फूटती हैं आत्म-अज्ञान से। और सेक्शुअल ऑब्सेशन उन बीमारियों में काफ़ी ऊपर है।
नहीं तो ज़िंदगी इतनी समृद्ध चीज़ हो सकती है। जीने के लिए न जाने कितने सुंदर कारण हो सकते हैं। लेकिन जाओ किसी आदमी के पास या औरत के पास, जिसको सेक्शुअल पार्टनर न मिल रहा हो। उसका मुँह हमेशा ऐसे लटका हुआ ही पाओगे। क्या-क्या नहीं हो सकता जीवन में! इतनी जगहें, इतने काम, इतनी सुंदरता, इतने ऊँचे लक्ष्य, सब कुछ संभव है। पर जिसको सेक्स नहीं मिला होता, वो एक बात के लिए ही बिल्कुल मरा रहता है, “लाखों तारे आसमान में, एक मगर ढूँढे न मिला।” पूछो, क्या है? क्यों हर समय दर्द भरे गाने सुनता रहता है? “बस एक चीज़ की कमी है।” ऐसा लगेगा परमात्मा की बात कर रहा है। (श्रोता हँसते हैं) कुछ और नहीं, बस।
और जिस एक चीज़ की कमी है ना, उस एक चीज़ पर वो अपनी बाक़ी सारी चीज़ें लुटा देगा। वो पूरा बिक जाएगा दुनिया के बाज़ार में उस एक चीज़ के लिए। मनी ट्रैपिंग से ज़्यादा सफल होती है हनी ट्रैपिंग। आप किसी को पैसा दिखाएँ ख़ूब, बिल्कुल हो सकता है कि वो कह दे, “मेरी ग़ैरत पर आँच आती है। मुझे बिकाऊ समझा है क्या? हटा ले अपने करोड़ रुपए, मैं नहीं बिकता।” हनी ट्रैपिंग से बचना बहुत मुश्किल है। ऋषियों को भी जब इंद्रादि देवताओं ने फँसाना चाहा था, तो पैसे नहीं भेजे थे, अप्सराएँ भेजी थीं। बोले, “पैसा-वैसा तो ये पार कर गए हैं, नहीं फँसेंगे। अप्सरा भेजो।” आ रही है बात समझ में?
सेक्स की बुराई नहीं की जा रही है। हम सब शरीर से उसी की पैदाइश हैं। तो उसकी क्या बुराई, क्या अच्छाई? एक प्राकृतिक चीज़ है। शरीर में जितनी बाक़ी सब प्राकृतिक चीज़ें चलती हैं, वैसे ही एक वो भी है। दिल धड़क रहा है, पेट खाना पचा रहा है, फेफड़े साँस ले रहे हैं; वैसे ही यौनांग हैं, वो सेक्स के लिए ही बने हैं। दिक़्क़त है जब सेक्स एक साइकोलॉजिकल दलदल बन जाता है। जब तक वो आपके शरीर का, आपकी फ़िज़िकल बीइंग का एक प्राकृतिक हिस्सा है, तब तक क्या समस्या है? कुछ भी नहीं, कोई समस्या नहीं है। पर जब वो अहंकार का पसंदीदा खिलौना बन जाता है, तब हर तरह की समस्या पैदा होती है।
और जब दिखने लगता है कि अरे! यह तो गड़बड़ कर रहा है, तो फिर जो अधकचरे धर्मी होते हैं, लोकधर्मी, वो ब्रह्मचर्य जैसे सुंदर शब्द को विकृत करके उसे सेलिबेसी जैसा कुछ बना देते हैं। कहते हैं, “सेक्स ही गंदी चीज़ है। छी, छी, छी!”
सेक्स नहीं गंदी चीज़ है, अहंकार गंदी चीज़ है।
सेक्स अगर गंदी चीज़ है, तो तुमने तो देवी को, महामाया को ही गंदा बोल दिया। उन्होंने ही तो यह सारा इंतज़ाम किया है। उनके राज में तो जितने ये अरबों-खरबों जीव हैं, सब सेक्स ही कर रहे हैं। तो तुम किसको गंदा बोल रहे हो? सेक्स नहीं गंदा है। वो भीतरी शैतान गंदा है, जिसको अपने झूठ को छुपाने के लिए हर चीज़ को अपना शिकार बनाना है।
इसीलिए तृप्ति भी नहीं मिलती है उसे। जैसे उसके सारे विषय नाकाम रहते हैं, वैसे ही जो उसका सेक्शुअल ऑब्जेक्ट है, वो भी नाकाम ही रहता है। जीवन भर इंसान इसी में लगा रहता है, लेकिन इससे जो चाहिए, वो मिलता तब भी नहीं है। हाँ, बच्चे बहुत सारे मिल जाएँगे, पल-दो पल की उत्तेजना मिल जाएगी। वीर्य स्खलन होता है, तो बहुत कहते हैं परम सुख है। ठीक है, ले लो, एक पल का ऑर्गैज़्म ले लो। लेकिन जो तुम्हें चाहिए, वो तो तुम्हें फिर भी नहीं मिल रहा। अगर मिल रहा होता, तो तुम बार-बार इसी में नहीं कूद रहे होते। मिल गया होता ना।
मिल कुछ नहीं रहा, लेकिन आशा तो बचाकर रखनी है ना। निराश ही हो गए, तो फिर तो जैसे श्रीकृष्ण भगवद्गीता में कहते हैं, “निराशीर्निर्ममो”; निराश ही हो गए, तो मुक्त हो जाओगे। तो आशा बचाकर रखो कि आगे मिल जाएगा। आशा बचाकर रखो। इसके लिए ज़रूरी हो जाता है कि अपना ऑब्जेक्ट बचाकर रखो। तो फिर बात आती है, “क़समें, वादे, प्यार, वफ़ा”, “मुझे छोड़ के मत जाना सइयाँ।” यह क्या किया जा रहा है? ऑब्जेक्ट बचा रहे, ताकि आशा बची रहे कि कल फिर इस ऑब्जेक्ट को भोगेंगे; क्या पता कल तृप्ति मिल जाए।
और उसके लिए फिर मनुष्य ने बहुत तरीक़े के संस्थान बना लिए। विधियाँ बना लीं, क़ानून रच दिए, मर्यादाएँ रच दीं, धार्मिक अनुष्ठान रच दिए, सामाजिक वर्जनाएँ खड़ी कर दीं, नियम बना दिए। और उनमें अगर आप ग़ौर से देखेंगे, तो भाव यही है कि शरीर को किसी दूसरे शरीर की एक नियमित आपूर्ति मिलती रहे।
मैरिटल रेप को भारत में हम क़ानूनन अपराध भी नहीं मान पा रहे, क्योंकि बड़ी गड़बड़ हो जाएगी। भाव तो यही है ना कि विवाह होता ही इसीलिए है कि पति को पत्नी के शरीर की निरंतर आपूर्ति होती रहे। तो पत्नी होती कौन है मना करने वाली? जब पूरा सिद्धांत ही यही था कि पत्नी लाई ही इसीलिए गई है कि उसका शरीर अब पति को उपलब्ध रहेगा, जब चाहे तब, तो पत्नी बोलेगी कि रेप हो गया, तो यह तो सिद्धांत के विपरीत बात हो जाएगी। “अरे भाई, जिस दिन तूने फेरे लिए थे और अपने आप को पत्नी माना था, उसी दिन तूने कह दिया था कि अब मेरा शरीर पति का है। तो अब तू रेप का दावा या शिकायत करने वाली कौन होती है?”
तो बहुत आवाज़ें उठ रही हैं कि भाई, मानो कि यह भी एक कॉग्निज़ेबल ऑफ़ेंस है, मैरिटल रेप भी एक कैटेगरी ऑफ़ असॉल्ट है। उसको मानने में ही सरकार भी बाधा करती है कि ये कर दिया तो फ़ैमिली सिस्टम ही बिखर जाएगा। अगर यह कर दिया और इससे फ़ैमिली सिस्टम बिखर जाएगा, तो इससे हमारी फ़ैमिली के बारे में क्या पता चलता है?
तो वो बहुत कुछ, जिसको हम फिर कल्चर वग़ैरह बोल देते हैं, वो भी अगर गहरे जाओगे, गहरे जाओगे, तो इसी एक हवस पर आधारित है। और अगर उतने गहरे नहीं जाओगे, तो पाओगे कि ललक रहे हो, तड़प रहे हो: हाय-हाय, सबको मिल गया, मैं ही वंचित रह गया।
प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, तो बायोलॉजिकली बात करूँ, तो हमारे जैसा कोई जवान अगर सेक्स में बहक जाए, तो…
आचार्य प्रशांत: क्या कर जाए?
प्रश्नकर्ता: कोई जवान आदमी बहक जाए, तो ठीक है, हमारे अंदर तो हॉर्मोन्स हैं अभी। लेकिन इन दोनों की तो उम्र हो गई थी। पचास-साठ के हो गए थे।
आचार्य प्रशांत: उम्र से कुछ नहीं होता ना। शरीर की उम्र हुई है। भीतर जो बैठा है, वो तो अनंतकाल तक जीना चाहता है। वो अपनी कोई उम्र-वुम्र नहीं मानता। अनंतता के सामने बीस साल, चालीस साल, अस्सी साल, दो सौ साल, सब एक बराबर होते हैं। वो उम्र वग़ैरह का कोई बहुत ख़याल नहीं रखता। उसको तो और लंबा जीना है।
यह एक और अंधविश्वास है कि उम्र हो जाती है, तो फिर आदमी समझदार हो जाता है और विरक्त हो जाता है। ऐसा कुछ नहीं हो जाता। बल्कि पीछे जो और अवसर हो सकते थे, जिनका भरपूर फ़ायदा नहीं उठाया, उसकी टीस और उसका पछतावा और सिर चढ़कर बोलता है।
कॉलेज में रहते थे, तो बैचमेट्स थीं। उस समय तो सब दिल्ली में बसों से ही चलते थे। तो वो अक्सर बोलती थीं कि यंग लोगों से कम तकलीफ़ रहती है। ये जो अंकल होते हैं चालीस-पचास पार के, सबसे ज़्यादा ख़तरनाक ये अंकल लोग होते हैं। ये बहुत बार तो बेटी-बेटी करके पास आते हैं।
शरीर की उम्र होती है। भीतर जो बैठा है, उसका मुँह तो सुरसा की तरह खुला है। सदा खुला रहेगा, मौत के क्षण में भी खुला रहेगा। उसको साइकोलॉजिकल सस्टेनेंस चाहिए। वो सेक्स को एक साइकोलॉजिकल इनपुट की तरह लेता है, जो सेक्स कभी बन नहीं सकता। वो सिर्फ़ एक शारीरिक बात है।
लेकिन फिर तुम शायरी लिखते हो। और वो आधी से ज़्यादा शायरी फ़िज़िकल को साइकोलॉजिकल बनाने का ही व्यर्थ प्रयास है: “तू इतनी ख़ूबसूरत है,” ये, वो। उसके जिस्म की तारीफ़ किए जा रहे हो, किए जा रहे हो, किए जा रहे हो। सारी शायरी में और क्या चल रहा है? रोमांस वाली जो शायरी है, वो और क्या होती है? अब वो तो सामाजिक मर्यादा है, तो उसके यौनांगों का उल्लेख नहीं कर सकते। तो उसकी आँखों और होंठों और नाक और बालों की, और बहुत हुआ तो फिर उसकी उँगलियों की बात कर दोगे। शरीर के जिन हिस्सों पर असली निशाना है, उनकी तो बात करने की हिम्मत ही नहीं पड़ती।
तो ये क्या हो रहा है? तुम ब्यूटी को फ़िज़िकैलिटी से जोड़कर देखना चाहते हो। तुम फ़िज़िकल को साइकोलॉजिकल बना रहे हो। किसी के नाख़ूनों का या उँगलियों का या आँख का सौंदर्य से क्या लेना-देना? यह एक फ़ॉल्स इक्विवेलेंस है। इसी को तोड़ने का नाम अध्यात्म है।
फ़ॉल्स इक्विवेलेंस क्या है? दैट द फ़िज़िकल कैन गिव यू साइकोलॉजिकल फ़ुलनेस, कि जो भौतिक है, वो तुमको मानसिक या अहंकारिक शांति दे सकता है। नहीं मिलेगी, नहीं मिलेगी। चाहे वो पैसा हो, चाहे किसी का जिस्म हो, दोनों भौतिक हैं। चाहे वो बहुत बड़ा घर हो और चाहे किसी की ख़ूबसूरत आँखें हों, दोनों भौतिक हैं। दोनों से ही जो तुम अहंकारिक शांति चाह रहे हो, वो नहीं मिलेगी।
लेकिन लगता ऐसा है कि आई हैव जस्ट, यू नो, क्रिएटेड अ वर्क ऑफ़ आर्ट। एन ओड टू माय मेड। जिसमें उसका पूरा वही है, नख-शिख रूप वर्णन: “तेरे नागिन जैसे बाल, तेरा झरने जैसा पल्लू।” यह ब्यूटी है, यह आर्ट है, यह लिटरेचर है! दिस इज़ सिंपली इरॉटिका ग्लोरिफ़ाइड।
और कई बार तो ऐसी चीज़ दुनिया के धर्मग्रंथों में भी दिखाई दे जाती है, और फिर भी हम उनको धर्मग्रंथ बोले जाते हैं। धर्मग्रंथ सिर्फ़ वो है जो अहंकार और उसकी मुक्ति की बात करे। कहीं का कोई देवता किसी देवी के रूप पर कैसे मोहित हो गया, और फिर तुम उन देवी के यौवन का बड़े विस्तार में विवरण दे रहे हो। यह कहाँ का धर्मग्रंथ हो गया, भाई? और अपने भजनों में भी तुम यही गा रहे हो कि वो जो मेरे सब पसंदीदा आराध्य हैं, उनकी आँखें कैसी हैं, उनके होंठ कैसे हैं, उनका शरीर कैसा है। तुम्हें दिख नहीं रहा है कि यह तुम दैवीयता के नाम पर अपनी शारीरिकता की ही और अभिव्यक्ति कर रहे हो?
तुम कह रहे थे कि पैसा हार जाता है सेक्स से, और देश के प्रति कर्तव्य हार जाता है। अरे, धर्म भी हार जाता है, सत्य भी हार जाता है। दुनिया में जितने लोग हुए हैं, पूरा इतिहास उठाकर देख लो, उन्होंने अपने सेक्शुअल ऑब्सेशन को अपने गॉड्स और गॉडेसेज़ पर भी सुपरइंपोज़ किया है। आज भी कर रहे हैं। उनको लगा कि हम भक्ति कर रहे हैं।
गंदी चीज़ नहीं है, छोटी चीज़ है, प्राकृतिक चीज़ है। न उसको गंदा बोल दो कि छी-छी है और दबाना है। दमन, सप्रेशन: लंगोट टाइट करो और वो सब। न तो उसको गंदा बोलकर उसका दमन करो, और न ही उसको दैवीय बोलकर उसका महिमामंडन करो कि मेरे महबूब की आँखों में मुझे पूरा अंतरिक्ष नज़र आता है। न, न दमन, न महिमामंडन। छोटी चीज़ है। आपके प्राकृतिक जीवन का एक छोटा हिस्सा है, बस। उससे ज़्यादा कुछ नहीं।
शरीर की इतनी गतिविधियाँ होती हैं, कौन याद रखता है? परसों कपड़े क्या पहने थे, यह भी याद है क्या? परसों खाना क्या खाया था, यह भी याद है क्या? तो सेक्स लगभग उसी तल की बात है। वो इस लायक़ भी नहीं है कि उसका सप्रेशन किया जाए, और इस लायक़ तो बिल्कुल नहीं है कि उसका एम्प्लिफ़िकेशन किया जाए। है तो है, नहीं है तो नहीं है। ज़िंदगी में उससे कहीं ज़रूरी, कहीं बड़े और कहीं ज़्यादा सुंदर न जाने कितने काम हैं।
धर्म में ही यह सब ख़ूब चला है कि दबाओ, दबाओ, सबसे गंदी बात है, छी, छी, छी। और उसमें पाखंड ख़ूब होता है। और फिर अभी पिछले कुछ दशकों में, पिछली शताब्दी में, काउंटर कल्चर चला, जहाँ कहा गया, सेक्स ऐज़ अ वे ऑफ़ स्पिरिचुअल लिबरेशन: तुम इतना सेक्स करो, इतना सेक्स करो कि एक दिन लिबरेट हो जाओ। क्या बोल रहे हो? जैसे दमन मूर्खता की बात है, वैसे ही महिमामंडन भी बराबर की मूर्खता की बात है। “मेरे महबूब का शरीर ही मेरा मंदिर है,” डेढ़ मिलियन इंस्टाग्राम लाइक्स। और उसमें एक इरॉटिक-सी तस्वीर और लगा दो साथ में, बस।
साधारण-सी चीज़ है। उसमें इतना कुछ इरॉटिक है भी नहीं; उसको ज़बरदस्ती इरॉटिक बनाते हो। सेक्स एक साधारण प्रक्रिया है, जिसको हम सेक्शुअलाइज़ करते हैं।
सेक्स एक चीज़ है, सेक्शुअलाइज़ेशन दूसरी चीज़ है।
चेहरा ऐसा कर लो, शरीर ऐसा कर लो, ताकि अहंकार को लगे कि इस बार एक ज़्यादा रसीला विषय मिला है, इस बार तो तृप्ति मिल ही जाएगी।
आपने कभी सोचा है कि आप ये जो स्क्रॉल कर रहे हो, कर रहे हो, कर रहे हो, आपका अँगूठा खोज क्या रहा है? कभी सोचा है? ये अँगूठा भी अभी एक सेक्शुअल इंस्ट्रूमेंट बन गया है, जो स्क्रीन पर सेक्स तलाश रहा है। और सेक्स का मतलब ज़रूरी नहीं है कि जब फ़िज़िकल पेनिट्रेशन हो, तभी आप बोलो। एनी काइंड ऑफ़ मिसप्लेस्ड एक्सपेक्टेशन फ़्रॉम द बॉडी एंड फ़िज़िकैलिटी, उसको सेक्शुअल ही माना जाना चाहिए। सिर्फ़ जो फ़िज़िकल एक्ट है, जो इंटरकोर्स का एक्ट है, वही सेक्स नहीं होता।
जो भी कुछ भौतिक है, दैहिक है, उससे जब आप एक व्यर्थ आशा रखते हैं, तो वो सेक्स के ही दायरे में आती है।
वही तलाश रहा होता है अँगूठा, और उसी में सारा समय लग रहा है। सारा समय जा रहा है, बस।




