
✍🏻 पोस्ट 3 | 7 सितंबर '26 💭 विषय — विश्व दर्शन ────────── 🎁 "मैंने उसके लिए इतना किया, उसने मेरे लिए क्या किया?" 😤 कभी किसी दोस्त की मुश्किल में घंटों साथ दिया, किसी रिश्तेदार की मदद की, किसी के लिए अपना समय या पैसा लगाया। उस समय कहा भी, "अरे, इसमें धन्यवाद की क्या बात है! मैंने बदले में कुछ थोड़े ही माँगा है।" 💔 पर कुछ महीनों बाद जब हमें उसी व्यक्ति की ज़रूरत पड़ी और वह साथ नहीं आया, तो भीतर से एक वाक्य निकला, "मैंने इसके लिए इतना किया था!" सवाल है, अगर हमने सच में बदले में कुछ नहीं माँगा था, तो आज यह हिसाब आया कहाँ से? 🎁 इसी हिसाब को एक बेहद गहरे दार्शनिक सवाल तक ले जाते हैं फ्रांसीसी दार्शनिक जैक देरिदा। अपनी पुस्तक Given Time में वे उपहार (Gift) के भीतर छिपे विरोधाभास की पड़ताल करते हैं। अगर किसी चीज़ को पूरी तरह शुद्ध उपहार होना है, तो वह लेन-देन के चक्र में वापस नहीं आनी चाहिए। बदले में पैसा, दूसरा उपहार, एहसान या धन्यवाद मिला, तो देने और पाने का एक चक्र बन गया। 🤫 मान लीजिए मैंने गुमनाम होकर किसी की मदद की। सामने वाले को पता ही नहीं कि मदद किसने की, इसलिए न धन्यवाद मिलेगा, न प्रशंसा। पर मुझे तो याद है कि "मैंने उसे दिया था।" देरिदा का सवाल यहीं पेचीदा हो जाता है। अगर देने वाला स्वयं अपने दिए को "उपहार" के रूप में पहचानता और याद रखता है, तो क्या वह देना पूरी तरह लेन-देन के हिसाब से बाहर निकल पाया? 🧩 अगर पाने वाला भी उसे उपहार के रूप में पहचानता है, तो कृतज्ञता या ऋण का संबंध पैदा हो सकता है। इसीलिए देरिदा के लिए पूरी तरह शुद्ध उपहार का विचार एक विरोधाभास बन जाता है। ⚠️ इसका अर्थ यह नहीं कि देरिदा बस यह कह रहे हैं कि "हर इंसान स्वार्थी है।" उनका सवाल ज़्यादा बुनियादी है। वे देने की उस संरचना को देख रहे हैं जिसमें देना बहुत आसानी से किसी न किसी रूप में पाने और लौटाने के चक्र में शामिल हो जाता है। 🪞 देरिदा की बात यहाँ तक उपहार के दार्शनिक विरोधाभास की है। यहाँ से एक अलग प्रश्न उठाता है, देने के बाद अहंकार अपने बही-खाते में क्या दर्ज करता है? 📒 "मैंने उसके लिए इतना किया।" "मैं हमेशा सबकी मदद करता हूँ।" "कम से कम उसे मेरी क़द्र तो करनी चाहिए।" बाहर कोई लिखित हिसाब नहीं है, पर अहंकार के बही-खाते में हिसाब दर्ज हो चुका है। 💰 और प्रतिफल हमेशा पैसा नहीं होता। सम्मान, कृतज्ञता, प्रेम, महत्व, आज्ञाकारिता भी प्रतिफल बन सकते हैं। कभी सामने वाले से कुछ नहीं मिला, तो अपने बारे में एक ऊँची छवि ही मिल गई, "मैं देने वाला हूँ। मैं निःस्वार्थ हूँ। मैं दूसरों जैसा नहीं हूँ।" 👹 तब देने की क्रिया भी पहचान की सामग्री बन जाती है। यह छिपा हुआ हिसाब सबसे साफ़ तब दिखाई देता है जब अपेक्षित प्रतिफल नहीं मिलता, "इतना किया उसके लिए, और उसने मेरे लिए क्या किया?" 🧾 शायद शिकायत ही उस अदृश्य बिल को सामने ले आती है, जिसे देते समय हमने देखा नहीं था। ❓ जिसके लिए मैंने "बिना किसी अपेक्षा" के बहुत कुछ किया है, अगर वह मुझे कभी धन्यवाद न दे, मेरे किए को याद भी न रखे और मेरे लिए कभी कुछ न करे, तो क्या मैं फिर भी कह पाऊँगा कि मेरा कोई हिसाब नहीं था? 📚 स्रोत: https://iep.utm.edu/jacques-derrida/













































