
🪔 इस बार का दीपोत्सव कुछ अलग था! तस्वीरें 1, 2 और 3 उस समय की हैं, जब मेरी आचार्य जी से मुलाक़ात नहीं हुई थी। तब मेरे लिए त्योहार का मतलब था सजना-सँवरना, पूजा-पाठ करना और परिवार के साथ समय बिताना। इसके अलावा भी त्योहार का कोई अर्थ हो सकता है, ऐसा कभी सोचा ही नहीं था। फिर सत्रों से जुड़ी और मेरा पहला लाइव सत्र ही दीपोत्सव था, जिसकी झलक चौथी तस्वीर में है। ❤️ पहली बार घर से अकेले निकली थी, बिना किसी परिवार के सदस्य के। उनसे मिलने, जिनसे मिलना मेरी पूरी ज़िंदगी बदल देने वाला था। वहाँ जाकर पहली बार समझ आया कि त्योहार वास्तव में क्या होता है और क्यों दीपोत्सव गीता कम्युनिटी के लिए इतना बड़ा महोत्सव है। इन तस्वीरों में जो बदलाव दिख रहा है, वो सिर्फ़ इतना नहीं है कि मैंने सजना-सँवरना छोड़ दिया या अब थोड़ी सादगी से रहने लगी हूँ। नहीं! शृंगार से कहीं ज़्यादा गहरा कुछ छूटा है। बहुत-सी मान्यताएँ, धारणाएँ और पुराने बंधन टूटे हैं। पहले दीपोत्सव के बाद शायद ही कोई लाइव सत्र रहा हो, जिसे छोड़ने का मन हुआ हो। हर सत्र के लिए उतना ही उत्साह रहता था, जितना पहले किसी बड़े त्योहार के लिए होता था। वहाँ जाकर वॉलंटियरिंग करना, जिन साथियों से सिर्फ़ कम्युनिटी में बात होती थी उनसे मिलना और ये देखना कि सही जीवन जीना संभव है, और कितने ही लोग उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ❤️ पिछले साल तो लगा था कि दीपोत्सव छूट जाएगा।उस समय ही जीजू का निधन हुआ था। लेकिन तब भी दीपोत्सव नहीं छूटा। त्योहार पर आचार्य जी से दूर रहने का चुनाव ही नहीं करना चाहती थी। जिस तरह हमने अपने त्योहारों की हालत कर दी है, उसके बाद आचार्य जी के साथ त्योहार मनाने से बेहतर उत्सव मुझे कहीं और नहीं दिखता। ❗️लेकिन इस बार बात कुछ अलग थी। इस बार मैं दीपोत्सव मनाने एक वॉलंटियर के रूप में नहीं, बल्कि संस्था की सदस्य के रूप में उपस्थित थी। संस्था किन कठिन परिस्थितियों में काम कर रही है, इसका अंदाज़ा पहले भी था, लेकिन ज़मीनी स्तर पर उसकी वास्तविकता अब सामने आ रही है। हर साल दीपोत्सव मनाकर वापस घर लौट जाती थी। इस बार दीपोत्सव के अगले दिन भी यहीं थी, और आज ऑफिस भी गई। वहाँ जो देखा, उसने भीतर कुछ और ही दिखा दिया। आमतौर पर हमारे आउटरीच के सदस्य ऑफिस के बाहर लॉबी में घूम-घूमकर कॉल्स करते हैं। ऑफिस में इतनी जगह नहीं है कि सभी एक साथ बैठकर कॉलिंग कर सकें। लेकिन आज पूरी लॉबी सुनसान थी। बस दो-चार सदस्य मास्क लगाकर बाहर कॉल कर रहे थे। मैंने एक सदस्या से पूछा, “आज आउटरीच वालों की छुट्टी है क्या?” उन्होंने बताया कि सीनियर सदस्य उन्हें बाहर आने ही नहीं दे रहे हैं। दिवाली के बाद हवा इतनी ज़हरीली हो गई है कि बाहर कॉलिंग करते-करते सबके गले बैठ रहे हैं। इसलिए सभी को अंदर ही बैठकर काम करना पड़ रहा है। ये सुनकर मन में एक ही बात आई हम तो कल दीपोत्सव मना रहे थे, और आज संस्था फिर उन्हीं कठिन परिस्थितियों में अपना काम कर रही है। संस्था के पास अपना कार्यालय तक नहीं है। किराए की बिल्डिंग में सीमित संसाधनों के साथ काम चल रहा है, वो भी ऐसी जगह जहाँ प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है। कभी जगह की कमी, कभी संसाधनों की कमी, तो कभी ऐसा ज़हरीला वातावरण। और इन सबके बीच काम रुकता नहीं है। हमने दीपोत्सव मनाया, नाचे, गाए, आचार्य जी के साथ उत्सव मनाया और फिर वापस उसी युद्ध में लौट आए, जो संस्था दिन-रात लड़ रही है। ❤️🔥 हर साल दीपोत्सव के बाद उदासी होती थी कि त्योहार इतनी जल्दी ख़त्म क्यों हो गया! काश, आचार्य जी दो-चार दिन और सत्र रख देते। लेकिन इस बार उदासी की वजह कुछ और थी। इस बार ये देखकर दुख हुआ कि हमने अपनी संस्था को इतने संसाधन भी नहीं दिए हैं कि वो बिना इन कठिनाइयों के अपना काम कर सके। जिस संस्था से हम इतना कुछ पाते हैं, वो स्वयं किन परिस्थितियों में काम कर रही है, शायद इसका अंदाज़ा भी हमें नहीं है। संस्था का काम तो दिवाली के दिन भी चलता है। एक तरह से कहूँ तो यहाँ हर दिन त्योहार है, क्योंकि हर दिन सत्य के लिए काम हो रहा है। और दूसरी तरह से कहूँ तो यहाँ हर दिन युद्ध है, क्योंकि उस काम को करने के लिए हर रोज़ नई चुनौतियों से लड़ना पड़ता है। ⚔️ कल आचार्य जी ने सत्र में कहा था “जब जीवन कुरुक्षेत्र है, तो युद्ध ही भजन है।” आज इस बात का अर्थ और साफ़ दिखाई दिया। त्योहार का अर्थ सबके लिए एक जैसा नहीं होता। ये बात संस्था में आकर समझ आई। पहले दीपोत्सव के बाद घर लौटते हुए लगता था कि उत्सव ख़त्म हो गया। इस बार समझ आया कि उत्सव ख़त्म नहीं हुआ है। असली काम तो अब भी जारी है। इस बार का दीपोत्सव सचमुच अलग था।❤️















































