
कुछ ऐसा अनुभव, जिसे शब्दों में समेटना मुश्किल है... ❤️🔥 7 और 8 तारीख को आचार्य जी के ऑफलाइन सत्रों में शामिल होने का अवसर मिला। जब भी आचार्य जी को अपने सामने देखती हूँ, बस देखती रह जाती हूँ। कुछ कहने का मन होता है, लेकिन शब्द जैसे कहीं खो जाते हैं और आँखें भर आती हैं। इस बार सामने से मिलने का अवसर मिला, किताब पर हस्ताक्षर भी करवाए, लेकिन उसके बाद पीछे जाकर रोने लगी। पता नहीं उन आँसुओं में कितनी भावनाएँ थीं, जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना मेरे लिए मुश्किल है। इन दो दिनों की एक और बात मेरे लिए बहुत खास रही। उन दिनों मेरे पीरियड्स चल रहे थे और आमतौर पर मुझे काफी दर्द रहता है। लेकिन सत्र में शामिल हुई, भजनों पर इतना खूब नाची कि कुछ देर के लिए भूल ही गई कि मुझे दर्द भी होता है। शायद जब मन किसी अनुभव में पूरी तरह डूब जाता है, तो शरीर की तकलीफ भी उस पल उतनी हावी नहीं रह जाती। वहाँ अलग-अलग गीता कम्युनिटी के लोगों से मिलने का अवसर मिला। उनसे पहले कभी कोई परिचय नहीं था, न कोई पुराना रिश्ता था, फिर भी एक अलग ही अपनापन महसूस हुआ। समझ नहीं आया कि उस जुड़ाव को क्या नाम दूँ। कोई रिश्ता न होते हुए भी जैसे कुछ था, जिसने उन दो दिनों को और भी यादगार बना दिया। शायद एक ही जिज्ञासा, एक ही खोज और सत्य को जानने की चाह लोगों के बीच एक अनकहा जुड़ाव पैदा कर देती है। लेकिन इन सबके बीच एक बात ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया। ऐसा लग रहा है जैसे अंदर कुछ टूट रहा है। किसी पुरानी धारणा के टूटने की आवाज़ है, किसी भ्रम के बिखरने की आहट है। अभी पूरी तरह समझ नहीं पा रही हूँ कि भीतर क्या बदल रहा है, लेकिन इतना महसूस हो रहा है कि अब पहले की तरह चीज़ों को देख पाना आसान नहीं होगा। जब सामने देखती हूँ कि आचार्य जी हमारे लिए कितना कुछ कर रहे हैं, कितनी मेहनत से हमें समझाने का प्रयास कर रहे हैं, तो मन भर आता है। वहाँ से लौटने के बाद से बस एक ही एहसास है कि जैसे अपना पूरा दिल वहीं छोड़ आई हूँ। लेकिन अब एक सवाल भी भीतर उठ रहा है, क्या केवल भावुक होकर लौट आना पर्याप्त है? जिस बात को समझने के लिए वहाँ गई थी, क्या उसे अपने जीवन में उतारने का साहस भी मुझमें है? शायद असली शुरुआत अब होगी। आचार्य जी को सुनने से आगे बढ़कर स्वयं को सुनने की, अपनी बेईमानियों को पहचानने की और अपने जीवन को ईमानदारी से देखने की। इस बार केवल दो दिन के सत्र करके नहीं लौटी हूँ। कुछ अनजान लोगों से अनकहा अपनापन, कुछ अविस्मरणीय पल, आँखों में ढेर सारे आँसू और भीतर बहुत सारे सवाल लेकर लौटी हूँ। शायद यही इस यात्रा की सबसे खूबसूरत बात है। थैंक्यू आचार्य जी 🪔




























