
✍🏻 पोस्ट 24 | 28 अगस्त '26 💭 विषय — मनोविज्ञान ───────── 👶🏻 बच्चा इतना प्यारा है, तो क्या उसके गाल हमारे हो गए? 😊 एक छोटा बच्चा सामने आया नहीं कि कई लोग उसके गाल खींचने लगते हैं। कोई उन्हें दबाता है, कोई बार बार चूमता है, कोई चेहरे पर हाथ फेरता रहता है और कोई प्यार में उसके गालों को नोंचने जैसा करने लगता है। 🧠 बहुत अधिक प्यारी चीज़ देखकर उसे दबाने, निचोड़ने या हल्के से काटने जैसी इच्छा होना क्यूट एग्रेशन कहलाता है। शोध में पाया गया है कि बहुत अधिक प्यारा कुछ देखने पर एक साथ प्यार, देखभाल और हल्की आक्रामक अभिव्यक्ति दिखाई दे सकती है। इसे डायमॉर्फस एक्सप्रेशन कहा जाता है। यह इस बात का संकेत नहीं है कि व्यक्ति सच में उस बच्चे को चोट पहुँचाना चाहता है। ❤️ यानी किसी बच्चे को देखकर मन में यह आना कि “इतना प्यारा है, इसे दबा दूँ” अपने आप में हिंसा की इच्छा नहीं है। बहुत तीव्र भावनाओं के समय हमारी अभिव्यक्ति हमेशा उसी भावना जैसी नहीं होती। ⚠️ लेकिन यहाँ एक जरूरी फर्क है। किसी बच्चे को देखकर उसे बहुत प्यार करने की इच्छा होना और उस इच्छा के कारण उसकी सीमा का ध्यान न रखना, दोनों अलग बातें हैं। 🧼 छोटे बच्चों के मामले में साफ सफाई भी जरूरी है। कई संक्रमण सीधे संपर्क, लार या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से फैल सकते हैं। इसलिए किसी बच्चे को बार बार छूने या चूमने से पहले उसकी सेहत और परिस्थिति का ध्यान रखना जरूरी है। 👀 लेकिन बात सिर्फ संक्रमण की नहीं है। 🪞 बच्चा प्यारा लगा। उसे छूने की इच्छा हुई। हमने उसे छू लिया। बच्चा छोटा था, उसने विरोध नहीं किया। और हमने मान लिया कि सब ठीक है। ❓ लेकिन क्या किसी के विरोध न करने का मतलब यह है कि हमें उसकी सीमा पार करने का अधिकार मिल गया? 🧩 यहीं अहंकार की एक छोटी-सी चाल दिखाई देती है। मुझे कोई पसंद आया, तो मेरी इच्छा बड़ी हो गई। मुझे उसे प्यार करना है, इसलिए मैंने मान लिया कि उसे छूना भी ठीक है। 🤲 यही बात बच्चों से आगे भी जाती है। जिसे हम पसंद करते हैं, उसे अपने पास रखना चाहते हैं। जिससे प्यार करते हैं, उससे अपनी इच्छा के अनुसार व्यवहार चाहते हैं। कई बार हम अपनी पकड़ को भी प्यार का नाम दे देते हैं। 🔎 इसलिए अगली बार किसी बच्चे को देखकर सिर्फ यह मत देखिए कि वह कितना प्यारा है। एक और चीज़ देखिए। क्या मेरी पसंद इतनी बड़ी हो गई है कि सामने वाले की सुविधा ही दिखाई नहीं दे रही? ❓ “जिसे मैं पसंद करता हूँ, क्या उसकी सीमा से बड़ी मेरी पसंद हो गई है?” 📌 स्रोत: https://www.psychologicalscience.org/journals/psychological-science/0956797614561044/ https://pubmed.ncbi.nlm.nih.gov/25626441/






































