
✍🏻 पोस्ट 4 | 24 अक्टूबर ’26 💭 विषय — मनोविज्ञान ────────── 🍬 मार्शमैलो टेस्ट: एक मिठाई से पूरी ज़िंदगी का फ़ैसला? सामने मेज़ पर एक मिठाई रखी है। कोई कहता है: "अभी खाओगे तो एक मिलेगी। थोड़ी देर रुक गए, तो दो।" आप क्या करेंगे? रुकेंगे, या तुरंत खा लेंगे? दशकों तक माना गया कि इस एक पल का जवाब बता देता है कि ज़िंदगी में कौन कितना आगे जाएगा। 🧪 1960 और 70 के दशक में स्टैनफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी के मनोवैज्ञानिक वॉल्टर मिशेल ने छोटे बच्चों के साथ ठीक यही किया, और देखा कि कौन अपने आप को रोक पाता है। बरसों बाद जब इन्हीं बच्चों को फिर देखा गया, तो जो रुक पाए थे, वे पढ़ाई में आगे निकले थे। इस प्रयोग का नाम पड़ा मार्शमैलो टेस्ट, और बात फैल गई कि जो रुक सकता है, वही आगे बढ़ पाता है। पर 2018 में यह कहानी बदल गई। न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के टायलर वॉट्स और यूसी इरविन के ग्रेग डंकन व हाओनान क्वान ने यह अध्ययन 900 से ज़्यादा बच्चों पर दोहराया, इस बार अलग-अलग घरों के बच्चों के साथ। जब घर की हालत, परिवार की पृष्ठभूमि और शुरुआती समझ को ध्यान में रखा गया, तो रुकने और आगे निकलने का संबंध लगभग दो-तिहाई घट गया। यानी आगे निकलने में रुक पाने से ज़्यादा हाथ घर और माहौल का था। 📖 किसी के व्यवहार की वजह उसके स्वभाव में ढूँढना, और उसकी परिस्थितियों को अनदेखा कर देना, इसे मनोविज्ञान में फंडामेंटल एट्रिब्यूशन एरर कहते हैं। 🪞 जो बच्चा मिठाई खाने से ख़ुद को रोक पाया, उसमें यह आदत ज़्यादातर उसके घर और माहौल से आई थी। पर बड़ा होकर वह यह बात भूल जाता है। घर और समाज से जो बातें हमें मिलती हैं, वे धीरे-धीरे हमें अपनी लगने लगती हैं। और जो बात अपनी लगने लगे, उस पर हम कभी सवाल नहीं उठाते। जो सोच बाहर से आई है, हमारे फ़ैसले भी वही लेती है, क्योंकि सच और तथ्य नहीं जानने में हमारे स्वार्थ छुपे होते हैं। ❓ घर, माहौल और समाज का असर हम सब पर होता है। पर सबसे गहरा असर किसका होता है? A. माता-पिता की परवरिश का, जो बचपन में हो चुकी B. समाज और दोस्तों का, जिनके बीच हम रहते हैं C. उन बाहरी बातों का, जो अब "मेरी सोच" कहलाती हैं, और जिन्हें मैंने कभी जाँचकर नहीं देखा D. क़िस्मत का, जिस पर किसी का बस नहीं 📚 स्रोत 🔗 https://escholarship.org/content/qt9k92888p/qt9k92888p_noSplash_fa6012fedf212847650744b6f45e7eb0.pdf 🔗 https://www.dictionary.com/culture/tech-science/marshmallow-test

















































