
दीपोत्सव 2026 बहुत अनोखा रहा। फिर से दो दिन का सत्र कैसे बीत गया, पता ही नहीं चला। सत्र हॉल में जाने से लेकर निकलने तक, हर कदम पर सुव्यवस्थित प्रबंध किया गया था, ताकि हमें कोई परेशानी न हो। हम सबने खूब मस्ती की। रोज़मर्रा के जीवन से अलग, यहाँ सुकून मिलता है। इसीलिए लगता है कि ये पल ठहर जाएँ। दूसरे दिन मुझे बीच-बीच में याद आ रहा था कि आज ये सब खत्म हो जाएगा। अब वापस जाना होगा। आप जब सत्र लेते हैं, तो वो पल सबसे अलग होता है। मैं अपने आप को थोड़ा हल्का पाती हूँ। जब आप चले जाते हैं, तो बिल्कुल अच्छा नहीं लगता, आचार्य जी। प्रत्यक्ष सत्र में ऑनलाइन सत्र की अपेक्षा मुझे ज़्यादा समझ आती है। यहाँ आप सामने होते हैं, तो अहंकार को भागने का मौका कम मिलता है। आपके आने से दो घंटे पहले से भजन गाकर हम सत्र के लिए तैयार रहते हैं। पूरा माहौल मिलता है। घर पर तो भजन बहुत कम सुनती हूँ। सीधे आपके आने से सत्र शुरू करती हूँ। लोकधर्म में नाचने के लिए, थोड़ी खुशी मिल जाए, इसके लिए कितना भव्य आयोजन और पूजा-पाठ करता है! फिर भी बेचैनी और खोखलापन बचा रहता है। अहंकार और मोटा और दुखी हो जाता है। सत्रों में आपके द्वारा समझाए गए श्लोकों और मंत्रों का वास्तविक अर्थ ही निरबोझ होने और अहंकार के विगलन की दिशा में एक कदम होता है। अब तो कम्युनिटी के साथ झूमना एक प्रसाद की तरह है। सत्रों में आने के लिए अब घर पर विरोध कम मिलता है। फिर भी, अगर विरोध मिले, तो इसे मुझे अपने ऊपर हावी नहीं होने देना है और न ही उनसे यह उम्मीद करनी है कि वे मुझे समर्थन दें। सत्रों के साथ बने रहना मेरी व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी है। प्रयास रहेगा कि उन्हें बिना किसी उम्मीद के समझाऊँ कि वे समझ जाएँगे। पिछली दीपोत्सव में, जब आपने बोला कि अगर मैं दिवाली के दिन सत्र रखूँ, तो कौन-कौन आएगा, मैंने भी हाथ उठा दिया था, पर मैं भीतर ही भीतर आश्वस्त नहीं थी। लेकिन लगातार सत्रों के साथ बने रहने से स्पष्टता आती है और हम सही निर्णय भी ले पाते हैं। आपसे बस एक अनुरोध है, आचार्य जी, कि दीपोत्सव 2027 का आयोजन रात में ही रखिएगा।




















