
✍🏻 पोस्ट 2 | 7 नवंबर ’26 💭 विषय — पर्यावरण और जलवायु ────────── आज फैशन इतनी तेज़ी से बदलता है कि जो कपड़ा कुछ दिन पहले नया और आकर्षक लगता था, वह जल्द ही पुराना लगने लगता है। बाज़ार और सोशल मीडिया हमें लगातार नए कपड़े खरीदने के लिए प्रेरित करते हैं। नए फैशन ट्रेंड्स को कम समय में, कम कीमत पर और बड़ी मात्रा में कपड़ों के रूप में बाज़ार में उतारने के व्यावसायिक मॉडल को Fast Fashion कहा जाता है। 🌍 फैशन की इस दौड़ की कीमत प्रकृति चुका रही है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में हर साल लगभग 9.2 करोड़ टन टेक्सटाइल कचरा पैदा होता है। यानी हर सेकंड कपड़ों से भरे एक ट्रक जितना कचरा फेंका या जलाया जाता है। 🇮🇳 भारत के वस्त्र मंत्रालय की 2026 में जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश में हर साल लगभग 70.73 लाख टन टेक्सटाइल कचरा पैदा होता है। इसमें इस्तेमाल के बाद फेंके गए कपड़ों के साथ-साथ उत्पादन के दौरान निकलने वाला कचरा भी शामिल है। 🏭 पॉलिएस्टर और नायलॉन जैसे सिंथेटिक फाइबर पेट्रोलियम से बनाए जाते हैं। इनके उत्पादन में काफी ऊर्जा खर्च होती है, जिससे ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होता है। इनके इस्तेमाल और धुलाई के दौरान माइक्रोफाइबर भी निकलते हैं, जो पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं। 💧 केवल कचरा ही नहीं, कपड़ों के उत्पादन में पानी की भी बहुत बड़ी मात्रा खर्च होती है। नीति आयोग (NITI Aayog) की रिपोर्ट के अनुसार, 1 किलोग्राम कपास के उत्पादन में 10,000 लीटर तक पानी लग सकता है। यानी एक कॉटन T-shirt बनाने में लगभग 2,700 लीटर पानी लगता है। 🪞कपड़े हमारी बुनियादी ज़रूरत हैं। लेकिन क्या हर नया ट्रेंड अपनाना भी हमारी ज़रूरत है? कई बार हम कपड़े इसलिए नहीं खरीदते कि हमारे पास पहनने के लिए कुछ नहीं है, बल्कि इसलिए खरीदते हैं क्योंकि कोई नया डिज़ाइन आ गया है, कोई दूसरा उसे पहन रहा है या हमें लगता है कि नए कपड़ों से हम बेहतर दिखेंगे। हम अपनी इच्छाओं को समझे बिना लगातार उन्हें पूरा करने में लगे रहते हैं। बाज़ार हमारी इसी मानसिकता को पहचानकर उसे और बढ़ावा देता है। 🌱 सवाल केवल इतना नहीं है कि फैशन उद्योग कितना कचरा पैदा कर रहा है। सवाल यह भी है कि हमारी ऐसी कौन-सी इच्छाएँ हैं, जो इस अंधाधुंध उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा दे रही हैं? क्या हम अपनी ज़रूरत और लालच के बीच अंतर कर पा रहे हैं? क्या हमें सच में हर बार कुछ नया चाहिए, या हम अपने भीतर की किसी कमी को चीज़ें खरीदकर पूरा करना चाहते हैं? जब हम अपनी इच्छाओं के स्रोत को समझना शुरू करते हैं, तभी यह तय कर पाते हैं कि हमें वास्तव में क्या चाहिए। 💭 आपसे सवाल: Fast Fashion की समस्या हमें किस बात पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है? A. फैशन के हर नए ट्रेंड को अपनाना हमारी व्यक्तिगत पसंद है, इसका पर्यावरण से कोई संबंध नहीं है। B. पर्यावरण की समस्या का समाधान केवल रिसाइक्लिंग से हो सकता है। C. अपनी इच्छाओं और उपभोग की आदतों को समझे बिना हम प्रकृति पर पड़ने वाले अपने प्रभाव को कम नहीं कर सकते। D. पर्यावरण को बचाने के लिए कपड़ों का उत्पादन पूरी तरह बंद कर देना चाहिए। 📚 स्रोत: 1. UNEP — Transforming the Textile Industry: Learning to Manage Waste, Better (2025) https://wedocs.unep.org/handle/20.500.11822/48707 2. Ministry of Textiles, Government of India — Mapping of Textile Waste Value Chain in India (2026) https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2237779 3. NITI Aayog — Action Research for Waste Reduction https://www.niti.gov.in/hi/node/706
















































