
ये तस्वीरें 2024 की दिवाली की हैं। यह पहला मौका था जब मैंने अपने घर पर दिवाली नहीं मनाई थी, क्योंकि इस बार मुझे आपके साथ असली दीपावली मनानी थी। आज तीन साल हो गए हैं, आपके सान्निध्य में दीपावली मनाते हुए। अब धीरे-धीरे समझ पा रहा हूँ कि असली दीपावली का अर्थ क्या है। आचार्य जी, आपसे मिलने से पहले मेरी जिंदगी की कोई स्पष्ट दिशा नहीं थी। मैं एक संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता था। अपनी तथाकथित पहचान और विचारधारा से मुझे बहुत लगाव था। उन्हें बचाने के नाम पर मैं कुछ भी करने को तैयार रहता था। सब कुछ ठीक लग रहा था। मैं खुद को एक महत्वाकांक्षी और जागरूक नागरिक, एक युवा नेता समझता था। लेकिन आज पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है कि मैं अपने ही बनाए पिंजरे में कैद एक पंछी था, जिसे अपनी कैद ही अपनी पहचान और ताकत लगती थी। मेरे भीतर एक बेचैनी थी, लेकिन उसे देखने के बजाय मैं उसे बाहर की गतिविधियों से भरने की कोशिश करता रहता था। कभी गरीबों को भोजन कराना, कभी नारेबाजी करना, कभी समाज और देश की समस्याओं को ठीक करने के लिए कुछ करते रहना। मुझे लगता था कि बाहर सब कुछ ठीक कर दूँगा तो शायद भीतर भी सब ठीक हो जाएगा। लेकिन मैं यह नहीं देख पा रहा था कि जिस बेचैनी को मिटाने के लिए इतना कुछ कर रहा हूँ, उसकी जड़ मेरे भीतर ही है। फिर जीवन में एक ऐसा मोड़ आया, जब मुझे बहुत बड़ा आर्थिक झटका लगा। उस एक घटना ने जैसे मेरी पूरी दुनिया हिला दी। जिन विचारों, पहचानों और संबंधों के सहारे मैं खुद को मजबूत समझता था, सब बिखरने लगे। घरवाले, समाज और उनकी बातें, कुछ भी अच्छा नहीं लगता था। मैं एक गहरे संकट में था। आज समझ आता है कि शायद पहली बार मेरी बनाई हुई पहचान को चोट लगी थी और मैं उस चोट को सहन नहीं कर पा रहा था। इसी दौर में आपसे परिचय हुआ। आपके वीडियो देखने शुरू किए और फिर लगातार देखते चला गया। धीरे-धीरे आपके सवालों ने मुझे अपनी ही धारणाओं और मान्यताओं पर प्रश्न उठाने के लिए मजबूर किया। एक दिन घर छोड़ दिया। उस समय शायद मुझे खुद भी ठीक से नहीं पता था कि मैं क्या खोज रहा हूँ, लेकिन इतना जरूर था कि अब पुरानी जिंदगी में वापस नही जाना। आज उस समय को याद करता हूँ तो एक डर भी लगता है। अगर आपसे परिचय नहीं हुआ होता, तो शायद मैं अपनी पुरानी जंजीरों को ही अपनी ढाल बना लेता। अपनी पहचान को बचाने के लिए और अधिक कट्टर हो जाता, अपनी बेचैनी को किसी नए विचार, नए संघर्ष या नई पहचान के पीछे छिपा देता। शायद कभी यह देखने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाता कि समस्या बाहर की दुनिया में जितनी दिखाई दे रही थी, उससे कहीं अधिक मेरे अपने भीतर थी। आचार्य जी, आपने मुझे कोई नई पहचान देकर संतुष्ट नहीं किया, बल्कि मेरी पुरानी पहचानों को देखने का अवसर दिया। अब समझने लगा हूँ कि अहंकार केवल अपने बारे में अच्छी धारणा रखना नहीं है; वह लगातार किसी न किसी पहचान के सहारे खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करता है। कभी संस्कृति, कभी विचारधारा, कभी समाजसेवा, कभी सफलता और कभी अपनी ही जागरूकता का अहंकार। बाहर से ये सब बहुत अच्छे दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इनके पीछे स्वयं को पूरा और महत्वपूर्ण साबित करने की इच्छा भी छिपी हो सकती है। अब यह भी समझ आने लगा है कि दीपावली का असली अर्थ बाहर अंधकार से लड़ना भर नहीं, बल्कि अपने भीतर उस अंधकार को पहचानना है जिसे हम अक्सर ज्ञान, धर्म, सेवा और अपनी महानता के पर्दों के पीछे छिपा लेते हैं। जब तक हम अपने ही भ्रम को नहीं देखते, तब तक बाहर कितने ही दीप क्यों न जला लें, भीतर अंधेरा बना रहता है। मैं आज भी पूरी तरह बदल नहीं गया हूँ। रोज़ गिरता हूँ, रोज़ संभलता हूँ और अपनी समझ के अनुसार थोड़ा आगे बढ़ने की कोशिश करता हूँ। कई बार पुरानी आदतें और पुरानी पहचानें फिर से पकड़ बनाने लगती हैं। लेकिन अब कम से कम उन्हें पहचानने का अवसर है। आचार्य जी, मै यह नहीं कह सकता कि मैं मंजिल तक पहुँच गया हूँ, लेकिन अब इतना जरूर जानता हूँ कि किस दिशा में चलना है। मेरे लिए असली दीपावली यही है अपने ही बनाए अंधकार को पहचानना, अपनी झूठी पहचानों से बाहर आने का साहस जुटाना। 🙏 🙏





































