प्रणाम आचार्य जी 🙏
🌱आपसे मिली दृष्टि, अपने पंखों से उड़ान।🌱
🙏🏼आज मिट्टी से उठी इस देह का 50वाँ जन्मदिवस है।
पीछे मुड़कर देखती हूँ तो लगता है कि यह यात्रा केवल एक शरीर के जन्म लेने, बड़े होने और अपनी प्राकृतिक गति से चलते रहने की यात्रा रही। न कोई विशेष समझ विकसित हुई, न चेतना का कोई बोध था। बस जीवन चलता रहा और इसी क्रम में 18 वर्ष पूरे होते ही शादी नाम का एक बंधन मिल गया।
1. बचपन से शादी तक : एक डरी-सहमी लड़की
मेरा जन्म और परवरिश उज्जैन में हुई, लेकिन शादी मामा के गाँव में हुई। इसकी एक वजह यह थी कि मैं उनकी इकलौती भांजी थी और वे मेरी शादी करके पुण्य कमाना चाहते थे। लेकिन इसके पीछे एक दूसरी, कहीं अधिक महत्वपूर्ण वजह भी थी। वे नहीं चाहते थे कि इतनी कम उम्र में मेरा विवाह हो। वे मुझे पढ़ाना चाहते थे और जिस परिवार में मेरी शादी होने जा रही थी, वह उन्हें पसंद भी नहीं था। उन्होंने बहुत प्रयास किए कि किसी तरह यह शादी रुक जाए, लेकिन जब ऐसा नहीं हो सका तो मेरी शादी की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उठा ली।
गाँव में शादी हो रही थी। मम्मी की सख्त हिदायत थी कि गलती से भी हँसना या मुस्कुराना मत, वरना लोग क्या कहेंगे। इसलिए पूरी शादी में मेरी स्थिति ऐसी थी, जैसे कोई बेजान लाश बैठी हो।
80 का दशक था। मैं तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। दो बड़े भाई थे। बचपन से ही लड़कों से बात करना और अकेले बाहर जाना सख्त मना था। पढ़ाई भी लड़कियों के स्कूल में हुई और कॉलेज पहुँचते ही शादी कर दी गई। शायद इसी वजह से बचपन से ही बहुत डरी-सहमी रही।
2. शादी के बाद : संघर्ष, जिम्मेदारियाँ और अकेली लड़ाई
शादी से पहले पति की नौकरी एक बड़ी फर्म में थी, लेकिन सगाई और शादी के बीच ही कंपनी पर पुलिस का छापा पड़ा और उनकी नौकरी चली गई।
शादी के बाद पति ने मुझे इस परेशानी का जिम्मेदार भी ठहराया। बार-बार यह सुनते-सुनते कहीं न कहीं मैं भी स्वयं को मनहूस मानने लगी थी कि मेरे आने से ही उनके जीवन में परेशानियाँ शुरू हुई हैं।
शादी के बाद आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझते हुए 22 वर्ष की उम्र में एक बेटी को जन्म दिया। लगा कि शायद अब जीवन के संघर्ष कुछ कम होंगे, लेकिन कुछ समय बाद जब पता चला कि बेटी बधिर है, सुन नहीं सकती, तो लगा कि बड़ी लड़ाई तो अब शुरू हुई है।
एक तरफ बेटी को सामान्य जीवन तक पहुँचाने की लड़ाई थी, दूसरी तरफ आर्थिक संकट, घर का क्लेश और दूसरे बच्चे के लिए दबाव। कभी खुलकर तो कभी दबे शब्दों में परिवार और पति की इच्छा यही थी कि घर में दिया जलाने वाला एक बेटा होना चाहिए।
मेरी समझ बहुत गहरी नहीं थी, लेकिन इतना जरूर समझती थी कि मेरी बेटी को जीवन में आगे बढ़ाने के लिए बहुत ऊर्जा और धन, दोनों की जरूरत होगी। इसलिए आत्मबल और धनबल दोनों जुटाना जरूरी था।
मैंने अपने लिए नौकरी तलाश की और बेटी पर अपना पूरा ध्यान लगा दिया। तब नहीं जानती थी कि आगे क्या होगा, कैसे होगा और मेरी मेहनत का परिणाम क्या आएगा। बस इतना तय था कि रुकना नहीं है। पूरी जान लगानी है और अपनी तरफ से कोई कमी नहीं रखनी है।
क्योंकि जानती थी कि इस लड़ाई में उसके पिता होते हुए भी मेरे साथ नहीं हैं। जो करना है, अकेले ही करना है। इसलिए दूसरे बच्चे के बारे में सोचने की भी फुर्सत नहीं थी।
समय बीतता गया। जीवन में जो कुछ भी गलत हो रहा था, उसके लिए बाहर बैठे किसी ईश्वर को जिम्मेदार मानने की धारणा मजबूत होती गई। धीरे-धीरे मंदिर में बैठी मूर्ति से दूरी बना ली और अपने संघर्ष में लग गई।
3. आचार्य जी से मिलना : एक नई जिंदगी की शुरुआत
फिर 2017 में एक परिचित ने मेरे हाथ में श्रीमद्भगवद्गीता थमा दी। जैसे-जैसे किताब पढ़ती गई, भीतर की जिज्ञासा बढ़ती गई। कई बार पढ़ते-पढ़ते इतनी टूट जाती कि आँखों से लगातार आँसू गिरते रहते और मैं किताब पढ़ती रहती।
फिर एक दिन यूट्यूब पर आपको सुना।
ऐसा लगा जैसे वर्षों से चलती-फिरती लाश बनी बैठी इस देह में धीरे-धीरे जान आने लगी हो। जैसे बरसों की तलाश खत्म हुई हो।
गीता सत्रों ने मेरे भीतर की कमजोरियों, आश्रितता और मानसिक बंधनों पर जोरदार प्रहार किया। भीतर के बंधनों से लेकर बाहर के पहनावे तक, बहुत कुछ बदलने लगा।
मैं लोगों की सोच पर बहुत निर्भर थी। चाहती थी कि सब मेरे बारे में अच्छा सोचें, अच्छा बोलें। इसलिए सबसे बनाकर रखना मेरी आदत बन गई थी। आपने मुझे उस आदत से बाहर निकाला। आपसे ही सीखा कि जीवन ऐसा जियो जहाँ निर्भरता न हो।
आपने मुझे उड़ना सिखाया, अकेले खुले आसमान में।
और मैंने अकेले यात्राएँ करना शुरू किया। जो कभी अपने शहर से भी बिना किसी के साथ के बाहर नहीं गई थी, उसने शिमला, मनाली, पचमढ़ी और गोवा की यात्राएँ कीं। वह भी बिना किसी से आर्थिक सहयोग लिए।
जिम्मेदारियों का बोझ तो बढ़ा, लेकिन आपके साथ ने हमेशा एक हौसला दिया।
आचार्य जी, आपके साथ की इस यात्रा में भी एक बहुत गहरा संघर्ष चल रहा है। एक तरफ जीवन में नई जिंदगी और नई संभावनाओं के दरवाजे खुल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे पुराने लोग, जिन्हें कभी अपना समझती थी, लगभग सभी ने साथ छोड़ दिया। वे मेरे जीवन से ऐसे भागे जैसे गधे के सिर से सींग! 😁
लेकिन अब अकेले होने का कोई भय नहीं है।
बेटी बड़ी हो गई है, मेरा ध्यान भी रखती है, लेकिन अब उस पर भी निर्भर नहीं रहना चाहती।
यह बल जुटाना शायद मेरे लिए असंभव होता, अगर आपसे मुलाकात न हुई होती। कभी-कभी सोचती हूँ कि अगर सतगुरु का साथ न मिला होता तो शायद पूरा जीवन ही यूँ ही गुजर जाता।
आज 50 वर्ष की इस देह के जन्मदिवस पर पीछे मुड़कर देखती हूँ तो लगता है कि वास्तविक जन्म तो अब शुरू हुआ है।
इस नई जिंदगी के लिए आपका हृदय से आभार, आचार्य जी। 🙏
आचार्य जी अंत में बस इतना ही कहना चाहूँगी कि भाषा में अपने दुख को व्यक्त करूँ तो अहंकार मोटा हो जाएगा कि मैंने इतना सहा और आपकी शिक्षाओं से जो जीवन मिला अगर उसे शब्द में कहूँ तो वे असीम को सीमित कर देंगे इसलिए बस इतना ही कहूँगी की मैं कृतज्ञ हूँ जो आप ने ऐसी समझ और जीवन हमे दिया 🙏🏼❤️
कोटि कोटि नमन है आपको 🙏🏼🙏🏼🙏🏼