वेदान्त ही सनातन धर्म है || आचार्य प्रशांत, वेदांत महोत्सव ऋषिकेश में (2022)

प्रश्नकर्ता: वेदान्त दर्शन वास्तव में किसी देश में लागू हो सकता है, तो वह नेपाल है। वहाँ जनक हैं, बोध दर्शन हैं, बहुत सारे ऐसे हैं। भारत में तो मुश्किल है किसी भी ऐसे प्रांत में एक्स्पेरिमेंट (प्रयोग) के तौर पर करने के लिए, लेकिन नेपाल एक उदाहरण बन सकता है। मैं यह कैसे कर सकता हूँ? मुझे इसके अलावा कोई लक्ष्य दिखाई नहीं देता।
जैसे अर्जुन ने कहा था, मुझे पक्षी के अलावा कुछ और दिखाई नहीं देता। क्योंकि नेपाल में बहुत सारे आइडेन्टिटी क्राइसिस (पहचान के संकट) हैं – मधेसी, पहाड़ी, कोई मगोलियन हैं, इराक़ी हैं।
माँसाहार बहुत है। एक हिंदू राष्ट्र होने पर भी इतना माँसाहार कहीं खाया नहीं जाता, जितना नेपाल में खाया जाता है। शायद ही ऐसा कोई होटल है, जहाँ माँसाहार न होता हो। मेरा तो वहाँ रहना भी मुश्किल है। इतना पलिटिकल क्राइसस (राजनैतिक संकट) है।
इन सबके बीच में मुझे लगता है कि आपका जो वेदान्त का दर्शन है, जो राष्ट्रवाद पर आपने बोला है, वह एकदम ज़रूरी है और सटीक है। मुझे लगता है जैसे भी हो, कैसे मैं इस पर काम कर सकता हूँ? मार्गदर्शन कीजिए। धन्यवाद।
आचार्य प्रशांत: देखिए, किसी भी व्यक्ति से अगर बात करनी है, तो बात की शुरूआत, तो उसके दुख से ही करनी होगी। नहीं तो बात का औचित्य क्या है? अगर आप अपनी जगह आनंदित हैं, वह व्यक्ति अपनी जगह आनंदित है, तो मस्त रहिए दोनों अपनी-अपनी जगह। आप चाहते हैं कि आप समाज में जाएँ, लोगों से बात करें, तो आप बात वेदान्त से नहीं शुरू कर सकते। आपको बात शुरू करनी होगी लोगों के कष्टों से, लोगों की दुखती रग से।



