तुम्हें कैसे पता चले कि कोई तुमसे प्यार करता है या नहीं? प्रेम क्या है? तुमने कुछ व्यवहारों की सूची बना रखी है, जैसे ही किसी ने तुम्हारे गले में बाँह डाली, तुम कह देते हो, “यह करता है मुझसे प्यार!” प्रेम का मतलब यह नहीं है: मैं तुम्हें खुश रखूँ, तुम मुझे खुश रखो। अगर कोई तुम्हें सच में प्यार करता है, तो तुम्हें बंधन से मुक्ति की ओर, भ्रम से सत्य की ओर लेकर चलेगा। बस तुम विरोध मत करना, यही उसकी माँग होती है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: मैं लोगों के सामने अपना व्यक्तित्व ऐसे पेश करता हूँ कि मुझे लोगों से प्यार ही मिले और नफरत न मिले। मैं चाहता हूँ कि मुझे लोगों से प्यार ही मिले। और मुझे यह अच्छा भी लगता है जब मुझसे कोई प्रेमपूर्वक व्यवहार करता है, भले ही वह व्यक्ति अपनी ओर से कुछ भी कर रहा हो।
आचार्य प्रशांत: कैसे पता चलता है कि कोई प्यार कर रहा है?
प्रश्नकर्ता: वो मेरी सोच है। मतलब मैं ही सोच रहा हूँ बस...
आचार्य प्रशांत: तो सोच में ही प्यार कर लिया करो! जब तुम कल्पना ही कर रहे हो कि कोई तुमसे प्यार कर रहा है, तो फिर दूसरे पर आश्रित भी क्यों रहते हो अपनी कल्पना के लिए? वो कल्पना पूरे तरीके से मुक्त कल्पना कर दो। शत-प्रतिशत अब वो कल्पना ही रहे! कर लो कल्पना कि उसने आकर मुझसे प्यार कर लिया। क्योंकि वैसे भी वो दूसरा व्यक्ति तुम्हारे साथ जो कर रहा है, वो बस तुम्हारी कल्पना में ही प्यार है। क्या वास्तव में वो दूसरा व्यक्ति प्रेम कर रहा है तुमसे?




