शरीर है, तो उसे रोटी–कपड़ा देना पड़ेगा, वह बंदोबस्त करके अलग रख दो। रुपए–पैसे की बात थोड़ा अलग रखकर देखो कि जीवन जीने का एक सार्थक तरीका क्या है। सही उद्देश्य क्या है, उसको पकड़ो। उसको पकड़ने के बाद फिर विचार करो कि काम तो सही पकड़ लिया, अब इसमें पैसा कैसे बनाया जाए। अध्यात्म और पैसा एक-दूसरे के ख़िलाफ़ नहीं हैं। अध्यात्म बस यह सिखाता है कि पैसा कहीं तुम्हारा मालिक न बन बैठे। पैसा ज़िंदगी के लिए होना चाहिए, ज़िंदगी पैसे के लिए नहीं; ज़िंदगी सच्चाई के लिए होनी चाहिए।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: कुछ सार्थक कर्म करना चाहता हूँ लेकिन आजीविका और भविष्य की चिंता मुझे बहुत सताती है, आजीविका के लिए तो कुछ करना ही होगा न?
आचार्य प्रशांत: तो ठीक है, शरीर है तो शरीर को तो रोटी, कपड़ा देना पड़ेगा न? वह बंदोबस्त करके अलग रख दो। कबीर साहब कहते हैं कि मन जब आकर भौंके तो उसे रोटी डाल दो। मन को कहते हैं कि यह जो मन है यह काली कुतिया की तरह है, जैसे ही तुम ध्यान में बैठते हो बगल में आकार के भौंकने लग जाती है। यहाँ तुमने भजन शुरू किया, कुतिया ने भौंकना शुरू किया। तो कहते हैं कि ऐसा किया करो कि भजन, ध्यान से पूर्व या उनके समय उसको रोटी डाल दिया करो कि तू अपना काम कर, मगन रह, हमें अपना काम करने दे। जिसको कबीर साहब काली कुकरी कह रहे हैं वह वास्तव में हमारा शरीर है। तन-मन है इसी को वह कह रहें हैं काली कुकरी।
तो इसको एक न्यूनतम तल की सुरक्षा तो चाहिए वह दे दिया करो। देखो बात बिलकुल ठीक है, तुम्हें बहुत दर्द होगा देह में, या पेट खाली होगा, या बहुत ताप होगा, गर्मी लग रही होगी, तुम्हारे लिए बहुत मुश्किल हो जाएगा यहाँ बैठकर मुझे सुनना। यहाँ भी बैठे हो तो मौसम, माहौल, गद्दा, पानी इनका ख्याल रखा गया है। अभी जून का महीना हो और तपती धूप दोपहर में कहा जाए कि, "आ जाओ चौराहे पर बैठेंगे", होगा सत्संग, भजन? नहीं हो सकता। कुछ चीज़ों का ख्याल रखना पड़ता है क्योंकि मिट्टी का पुतला है न? पानी पड़ता है तो गलने लगता है, धूप पड़ती है तो चटकने लगता है।




