जहाँ कहीं भी हो, उस जगह से आगे बढ़ना है। तुम जिस भी मुक़ाम पर हो, वहाँ इसलिए हो कि उसके पार जा सको। हम यहाँ घर बसाने के लिए नहीं आए हैं। तुम सेटल होने के लिए पैदा ही नहीं हुए हो। एक ही तरीका है बचे रहने का — कहीं मत रुकना, लगातार हाथ-पाँव चलाते रहो। सारी ज़िंदगी बस इसी बात से तय होनी है कि आपने ठहरने का निर्णय किया या बढ़ते रहने का। एक दिन भी जीवन का शेष हो, तो आगे बढ़ते रहना है।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: नमस्ते सर, मेरा सवाल है कि अपनी स्थिति तो दिखाई दे रही है कि मुक्ति पानी है यानि स्वतंत्रता के लिए मन वैसे ही लालायित भी रहता है। तो हमने लगभग आधी उम्र ही निकाल दी है। न कोई बहुत बड़ा अचीवमेंट (उपलब्धि) है, न कोई बात। सर, मैं कोई लाचारी या मजबूरी की बात नहीं कर रही हूँ, पर मुझे ऐसा फील (अनुभव) होता है कि ये जो रास्ता है न बहुत लम्बा है, कि पहले कुछ प्राप्त करें फिर उसे त्यागें। बड़ा कन्फ्यूजन (द्वन्द्व) है। इस पर आप मार्गदर्शन दे सकें तो।
आचार्य प्रशांत: देखिए, जब छोटी वस्तु से आसक्ति का रिश्ता बन जाता है न, तो फिर बड़ी वस्तु जीवन में नहीं आ सकती। जो हमारी बात रहती है कि मैंने ज़िंदगी में ज़्यादा बड़ा पाया नहीं, उसमें हम एक बात को एकदम छुपा जाते हैं, वो बात ये रहती है कि मेरी छोटे से ही ऐसी आसक्ति हो गई कि बड़ा पाने की मुझे कोई ज़रूरत लगी ही नहीं। मैं एक छोटी सी चीज़ के साथ ही ममता का रिश्ता बना लूँगा तो आगे बढ़ने की मुझे ज़रूरत महसूस ही किसलिए होगी।
समझ रहे हैं?
ये कहना कि किसी ने बहुत पाया, ये नहीं बताता है कि उसने क्या पाया। वो इससे ज़्यादा ये बताता है कि उसने किस-किस जगह पर घर नहीं बनाया। आप किसी को अगर देखें कि वो पर्वत शिखर पर बैठा हुआ है, तो भूल होगी ये कहना कि उसने शिखर को पाया। ईमानदारी से ये कहिए कि उसने शिखर से नीचे कहीं भी घर नहीं बनाया। लालच तो उसको भी बहुत था। मील के इतने पत्थर मिलते हैं और रास्ता दुखदायी होता है। बहुत प्रलोभन आता है कि कहीं पर बस जाओ और बसते हम बहुधा एक रात के लिए ही हैं। उस रात में ही भोग की ऐसी लत लग जाती है कि आदमी कहता है, 'अब आगे काहे के लिए बढ़ना है।'




