जब अपने ही हत्यारे बनें || आचार्य प्रशांत, वेदांत महोत्सव (2022)

प्रश्नकर्ता: नमस्कार सर, अभी कुछ दिनों पहले ही दिल्ली से एक दुखद ख़बर आयी थी जिसमें एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का क़त्ल कर दिया। तो जैसे मैं अपने रिश्ते के बारे में भी सोच रहा था और मैंने जो ऑब्ज़र्व (निरीक्षण) किया उसे भी देख रहा था तो मैं कहीं-न-कहीं उसकी साइकी (मानसिकता) समझ पा रहा था कि वो कौनसा बिन्दु रहा होगा कि पहले आपस में लड़ाई-झगड़ा हुआ और फिर कैसे इस सीमा तक बात बढ़ी होगी। जैसे रिश्ते में कई बार हम रियलाइज़ (अनुभव) करते हैं कि अभी चीज़ ग़लत जा रही है।
शुरूआत तो हमने इस उम्मीद से करी थी कि सब अच्छा होगा, लेकिन हमारी इतनी इनवेस्टमेंट (निवेश) हो चुकी होती है, मेंटल (मानसिक), समय का और कभी-कभी रुपये-पैसे का भी कि हमें लगता है कि ये चीज़ आज नहीं तो कल ठीक हो जाएगी। सिर्फ़ सम्बन्धों के विषय में ही नहीं बल्कि नौकरी के विषय में या फिर कुछ और इन्डेवर (प्रयास) उठा लिया आदमी ने तो इतना इंवेस्टमेंट हो गया हमारा कि अब इसी को सन्तुलित करते चलो।
तो क्या वो एक बिन्दु होना चाहिए कि जिस पर हम डिसाइड (निर्णय) कर सकें कि भले ही कितनी भी इंवेस्टमेंट हो चुकी है पर अब यहाँ से छोड़कर के इसको कोई दूसरी डायरेक्शन (दिशा) दी जाए। आपका मैंने एक वीडियो देखा था पहले, उसमें 'साहिर लुधियानवी' जी की एक लाइन थी, “वो अफ़साना जिसे अंजाम तक लाना न हो मुमकिन, उसे इक खूबसूरत मोड़ देकर छोड़ना अच्छा।” तो इसी पर कुछ मार्गदर्शन चाहिए।
आचार्य प्रशांत: नहीं, आप कोई टैक्टिक (रणनीति) माँग रहे हो, जिसको साधारण भाषा में रूल ऑफ़ थम्ब कहते हैं, आप वो माँग रहे हो। आप कह रहे हो कि रिश्ता चल रहा है तो उसमें कैसे किसी बिन्दु पर या किसी समय पर जाकर पता कर लें कि अब बात ख़राब हो रही है और उसको शान्तिपूर्वक रिश्ते को वहीं पर समाप्त कर दें, आप ये पूछ रहे हो। यही पूछ रहे हो न आप?



