
मैं इस विषय को सिर्फ़ पढ़कर नहीं, अपने आसपास की ज़िंदगी में देखकर समझती हूँ। हाल ही में घर में ‘भूत-प्रेत’ को लेकर ऐसी ही एक बात सामने आई और इस बार मैंने कुछ सवाल किए— अगर भूत है, तो वह बार-बार उसी एक महिला को ही क्यों परेशान करता है? उसी घर में रहने वाले दूसरे लोगों को क्यों नहीं? अगर वह किसी घर का भूत है, तो उस घर के बाकी लोगों को क्यों नहीं दिखता या परेशान करता? और अगर वह किसी खास व्यक्ति के पीछे है, तो उसका कोई स्पष्ट कारण क्यों नहीं बताया जा सकता? अगर भूत किसी व्यक्ति के शरीर पर कब्ज़ा कर सकता है, तो वह हमेशा कमजोर या डरी हुई स्थिति में ही क्यों आता है? वह अपनी बात सीधे क्यों नहीं कह सकता? अगर झाड़-फूँक से भूत निकल जाता है, तो अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग तरीके से की जाने वाली झाड़-फूँक में से सही तरीका कौन-सा है? और उसकी पहचान कैसे होगी? अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु अन्याय या हत्या से हुई और उसकी आत्मा बदला लेना चाहती है, तो वह उसी समय दोषी व्यक्ति तक क्यों नहीं पहुँचती? उसे किसी दूसरी महिला के शरीर का सहारा लेने की ज़रूरत क्यों पड़ती है? और सबसे बड़ा सवाल—अगर यह शक्ति इतनी असाधारण है कि किसी इंसान के शरीर और व्यवहार को नियंत्रित कर सकती है, तो फिर वह सिर्फ़ उन्हीं परिस्थितियों में क्यों प्रकट होती है जहाँ लोग पहले से उसे भूत मानने के लिए तैयार होते हैं? सवाल पूछते ही अगर जवाब मिले—‘तुम नहीं समझोगी’, ‘ऐसा ही होता है’ या ‘इसमें तर्क मत लगाओ’—तो शायद वहीं हमें रुककर सोचना चाहिए कि हमारे पास वास्तव में कोई प्रमाण है भी या हम सिर्फ़ एक पुरानी मान्यता को दोहरा रहे हैं। मेरे लिए अंधविश्वास का सबसे खतरनाक हिस्सा भूत पर विश्वास करना भर नहीं है; उससे भी खतरनाक है कि हम सवाल पूछना छोड़ दें और जहाँ जवाब न मिले, वहाँ ‘ऐसा ही होता है’ को जवाब मान लें।


















