आज गुरपुरब है, गुरु नानक साहब का प्रकाश पर्व। 🪔✨
हम में से बहुत लोग आज दीये जलाएँगे, गुरुद्वारे जाएँगे, लंगर में बैठेंगे। अच्छी बात है। और शायद गुरु नानक से जुड़े बहुत से गीत/भजन भी सुनेंगे। मैंने भी यही सब किया, लेकिन भाई गुरदास जी की यह पउड़ी पढ़ते हुए मन में एक सवाल उठा।
सतिगुरु नानकु प्रगटिआ मिटी धुंधु जगि चानणु होआ।
❓ क्या मेरी धुंध मिटी? क्या मेरे लिए गुरु नानक परगट हुए?
> सतिगुरु नानकु प्रगटिआ मिटी धुंधु जगि चानणु होआ।
> जिउ करि सूरजु निकलिआ तारे छपे अंधेरु पलोआ।
> सिंघु बुके मिरगावली भंनी जाइ न धीरि धरोआ।
> जिथै बाबा पैरु धरै पूजा आसणु थापणि सोआ।
> सिधासणि सभि जगति दे नानक आदि मते जे कोआ।
> घरि घरि अंदरि धरमसाल होवै कीरतनु सदा विसोआ।
> बाबे तारे चारि चकि नउ खंडि प्रिथमी सचा ढोआ।
> गुरमुखि कलि विचि प्रगटु होआ॥२७॥
---
मिटी धुंधु जगि चानणु होआ
यहाँ रोशनी कोई नई चीज़ नहीं है जो बाहर से आती हो। धुंध हटती है, तो जो बचता है, वही रोशनी है।
आग दहके पर धुएँ से, प्रकाश ढक सा जाता है।
जब काम भरा हो आँख में, तो सच नज़र नहीं आता है।
और धुंध क्या है? "मैं यह शरीर हूँ, यह जात हूँ, यह ओहदा हूँ, यह गुट हूँ।" सच्चा गुरु कोई नया विश्वास नहीं थमाता। वो आईना दिखाता है, और झूठ अपने आप गिरने लगता है।
---
तारे छपे अंधेरु पलोआ
तारे वो छोटी-छोटी रोशनियाँ हैं जिनके सहारे हम जीते हैं: रस्में, उधार की राय, लोगों की वाहवाही, तुच्छ सुख। सूरज इनसे लड़ता नहीं। बस निकलता है, और इनकी कोई कीमत नहीं रह जाती। अँधेरे को हराना नहीं पड़ता, वो टिक ही नहीं पाता, जब गुरु/प्रकाश को आने से हम रोकें नहीं।
---
सिंघु बुके मिरगावली भंनी जाइ न धीरि धरोआ
नानक धीमे नहीं बोले। उन्होंने सच ऊँची आवाज़ में कहा, दूर दूर जा कर के सिंह की तरह दहाड़ के बोला। और ये हिरण कोई डरे हुए इंसान नहीं हैं। ये हमारी झूठी धारणाएँ हैं, जो हमेशा झुंड में चलती हैं। एक साफ़ सवाल के सामने ये भाग खड़ी होती हैं।
---
जिथै बाबा पैरु धरै पूजा आसणु थापणि सोआ।
आचार्य जी कहते हैं किसी जगह की मिट्टी पवित्र या अपवित्र नहीं हो जाती, गुरु के पांव पड़ते ही वहाँ के लोग अहंकार की ज़मीन से मुड़े थे। अगर हम सिर्फ़ जगह को पूजते रहें, तो वो मुड़ना छूट जाता है।
---
सिधासणि सभि जगति दे नानक आदि मते जे कोआ।
सिद्ध लोग सिद्धियों और ख़ास अवस्थाओं के पीछे भागते थे।
गुरु नानक जी ने दिखाया कि इस दौड़ से "मैं" और मोटा ही होता है। बात ज़्यादा सिद्धि/ताक़त पाने की नहीं है, झूठ कम करने की है।
---
घरि घरि अंदरि धरमसाल होवै कीरतनु सदा विसोआ
धर्म गुफ़ाओं और जंगलों से निकलकर घर, खेत और दुकान में आ गया। काम करो, पूरे मन से करो। बस देखते रहो कि करने वाला कौन है, और क्यों कर रहा है। जब गुरु नानक जीवन में आते हैं, तो "कीरतन सदा" का मतलब है सदा - हफ़्ते में एक बार नहीं - सदा चलता है। सच की तरफ़ मुड़ना हर पल दोबारा होता है।
---
बाबे तारे चारि चकि नउ खंडि प्रिथमी सचा ढोआ।
गुरु ने पार जाने का रास्ता सबके लिए खोल दिया - चारों दिशाएं, नो खंड। जैसे आचार्य जी कहते हैं कि "there is no personal liberation" और जिसके जीवन में प्रकाश उतरने लगता है, वो अपने साथ अपने आस पास के दूसरों को भी तार देता है। (पर पार जाने की चाह अपनी होनी चाहिए। वो चाह कोई दूसरा हमारे लिए नहीं कर सकता।)
---
गुरमुखि कलि विचि प्रगटु होआ
गुरमुख इसी अँधेरे में प्रकट होता है।
यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत
वो जो काल से परे हैं, अज हैं, अनादि हैं, अनंत हैं, उन्हें ऐसा प्रेम क्यों? कि वो हमें छुड़ाने इस तरह बँध जाते हैं, अंधेरे में कष्ट लेने उतर आते हैं, इस देह का दंड स्वीकार करते हैं, क्यों?
और मैं ढीठ, मैने ऐसी क्या पात्रता दिखाई जो इतना प्यार आप कर रहे हैं, पूरा जीवन ही लुटा दे रहे हैं, मुझ जैसों की ही मदद करने के लिए मुझ जैसों से ही आघात पे आघात झेल रहे हैं।
ना जन्म तुम्हारा ना संग है तो बार-बार क्यों आते हो?
क्यों मुझे मुक्त करने को खुद प्रेम में बंध जाते हो
---
गुरु नानक जी के करीब मैं, बिना आचार्य जी के कभी नहीं जा पाता, अनंत आभार आचार्य जी 🪔🙏🏻
ना जाने कितने अभागे होंगे जिन्होंने गुरु नानक जी के mission में समर्थन करने का मौका गंवाया होगा, ना जाने कितने होंगे जिन्होंने गुरु नानक को दरवाज़े से ही वापिस भेज दिया होगा।
और कितने होंगे जिन्हें, उनके पूरे जीवन में, ये मौका ही नहीं मिला कि वो अंधेरे के विरुद्ध उनके mission में समर्थन दे सकें।