पुरुष...
एक बात बताऊँ! मुझे तो पता ही न चलता कि कोई पराया कभी मेरा ईतना भला सोच सकता है क्योंकि भलाई के नाम पर मैंने जो माहौल देखा था वो कुछ ऐसा था। मेरे लिए मेरे पापा से बढ़कर कोई नहीं था। उन्होंने बड़े नाज़ों से पाला मुझे। कभी कोई मुसीबत आने ही नहीं दी मुझ पर। कभी भी नहीं।
मुझे कहीं जाना हो तो वो साथ चले, मैं उनके पीछे चल दूँ। मुझे कुछ चाहिए तो मैं उनको बता दूँ वो ले आए। मैंने कभी अंजान रास्ते अकेले नहीं नापे कभी भी नहीं। किसी सरकारी ऑफिस का काम हो तो पापा लाइन में लग जाए। यहाँ तक कि बस में मुझको सीट दिलाने के लिए वो हर पैसेंजर से लड़ जाए। घर से निकलूँ तब से लेकर घर वापिस न पहुँचूँ तब तक कम से कम पाँच बार कॉल करके मेरी सुरक्षा की पुष्टि करें।
कॉलेज में जहाँ सब स्टूडेंट अपने एड्मिशन के लिए लाइन में लगे वहाँ पर मैं ठाठ से बैठी रहूँ क्योंकि मेरी जगह वो है लाईन में। हर छोटी से छोटी बात में मुझे ज़रा सी भी दिक्कत न आए उसका पूरा खयाल रखा है उन्होंने। आज भी बिल्कुल वैसे ही है वो। सिर्फ़ खुद नही मेरे छोटे भाईयों को भी यही सिखाते है कि कैसे घर कि लड़की का खयाल रखना है। और मैं इसको अपनी सबसे बड़ी खुश किस्मती मानती आ रही थी कि मुझे तो कुछ करना ही नहीं पड़ता।
फ़िर शादी हुई तो यही ट्रीटमेंट पति की ओर से भी मिलने लगा। कुछ मामलों में उसने मुझे टोका भी कि कुछ खुद से कर लिया करो तो फिर मैंने रो कर या अपने पिता के गुण गान गाकर उसको बता दिया कि तुम नहीं हो मेरे पिता जितने श्रेष्ठ। कुछ प्रयासो के बाद थक हार कर उसने भी स्वीकार कर लिया कि मैं ऐसी ही हूँ। और अब वो मेरे लिए सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण इंसान बन गया।
आज से करीब चार साल पहले की बात कर रही हूँ। फ़िर बहुत कुछ उथल पुथल हुई जीवन में, सब कुछ बदल गया, सब कुछ! उन उथल पुथल के बीच में आप आए, करीब चार साल पहले! कैसे आए कहाँ से आए मुझे याद भी नहीं, बस आ गए! मेरी मर्जी से तो नहीं आए थे पर आ गए थे। जीवन बहुत सारी कठिनाइयों से गुज़र रहा था तो उस क्षण आपका साथ मेरे लिए एक तिनके का सहारा बना जो मुझे डूबने से शायद बचा रहा था। यू ट्यूब पर सुनती थी आपको। लगभग पुरा पुरा दिन आप ही को सुनती रहती थी।
फिर संस्था से संपर्क हुआ। न जाने कितने नखरे कितनी आनाकानी के बाद आज से करीब ढाई साल पहले मैंने कम्युनिटि जॉइन कर ली। अब आपकी बातें तो मेरे अस्तित्व पर चोट थी मालिक क्योंकि जैसी मैं थी ऐसी लड़की के लिए कोई अच्छा वक्तव्य नहीं था आपके पास। जिस जिस बातों को मैं बहुत अच्छा मानती थी आप तो धड़ल्ले से उस बात को बुरी तरह ख़ारिज करते थे।
उस पल हालत मेरी दयनीय और मजबूरी की थी सच में। पर आपको सुनु तो आप उस हर मजबूरी को झूठा करार दो। हर स्थिति के लिए मुझे ही जिम्मेवार ठहराओं अब पता नहीं है कि इतने विरोधाभास के बाद भी क्यों मैं आपको सुनती थी। सच में नहीं पता बस ईतना पता है कि हर महीने यही खयाल आता था कि यह आखिरी महिना है इस इंसान के साथ, अगले महीने एरोलमेंट नहीं करना है गीता कम्युनिटी में! पर यह खयाल बस खयाल ही रहा, एक भी बार ऐसा कर न पाई।
चुपचाप बदलाव हो रहे थे जीवन में। बच्चे का बहाना कर कर घर में पड़ी रहती थी आपने मजबूर करा कि निकलो बाहर और अपनी रोटी कमाकर खाओ।
और मैं निकल गई!
स्कूल में जीवविज्ञान के शिक्षक के तौर पर काम शुरू किया। स्कूल काफी दूर था और बस में आना जाना पड़ता था तो सुबह लगभग ५:४५ पर बस पकड़नी पड़ती थी तब जाकर ७:१५ पर स्कूल पहुँच पाती। फुल डे स्कूल होता था शाम ५ बजे तक तो वापिस पहुँचने मे करीब ७:३० या ८ बज जाए।
रोज़ का यही। अपने बच्चे को घर छोड़कर जाती मैं। एक डेढ़ साल चला यह सिलसिला।
फ़िर दिखा कि बेटे को यहाँ छोड़ना ठीक नहीं है। तो अब मेरे पास दो रास्ते थे कि इसे साथ ले जाऊँ रोज़ और फिर वापिस ले आऊँ या अब इस घर से विदा ले और स्कूल के नज़दीक ही रहने चली जाऊँ।
तो फ़िर मैं निकल गई वहाँ से मेरे बेटे और पति के साथ! कुछ मेडिकल कंडिशन की वजह से वो कुछ बाहर का काम करने में सक्षम नहीं है अभी तो मैं जिस नई जगह आई वहाँ का घर का काम, बाहर का काम और सारी फाइनेंशियल रीस्पांसिबिलिटी सिर्फ़ मेरे उपर थी।
हर छोटी छोटी बात में दुसरो पर आश्रित रहने वाली मैं यहाँ आकर लगभग ६ महीने में सब सिख गई। घर कैसे चलाये, बहरी बातों को कैसे मैनेज करे सब। वो सारी ज़रूरी बातें जो मुझे कभी किसने नहीं बताई, कभी भी नहीं बताई मालिक वो आपने समझा दी। संघर्ष! मैं वो थी जिसे एक साधारण बाज़ार भी ले जाए कोई और अकेला छोड़ दे तो मैं बाज़ार में ही खो जाऊँ। कभी निकली ही नहीं अपने सीमित दायरों से बाहर, कभी नहींआपने सब सिखा दिया। आपने गोवा आना सिखा दिया, आपने अकेले अपने बच्चे के साथ बिना किसी प्लानिंग के देल्ही आना सिखा दिया।
शरीरिक मजबूती का महत्व आपने समझा दिया। कितना ज़रूरी है दूसरों की नज़रों में महान न बनना बल्कि अपने उपर काम करना यह सिखा दिया। एक अबला नारी की आदर्श छवि पकड़े खड़ी एक मूढ़ गँवार की मूढ़ता और गँवारियत उसको दिखा दी। आश्रायता, बेचारा पन, क्युटनेस् के नाम पर जो बेवकुफियाँ पकड़ रखी थी उसका भद्दापन दिखा दिया।
जिसको मैं आदर्श मानती रही, चाहे वो लोग हो या परम्परा उसका खोखलापन मुझे दिखा दिया। सारे फसाद की जड़ मैं ही हूँ यह मुझको बता दिया! और न जाने सिर्फ़ पिछले ६ महीनों में मैंने मेरे जीवन के वो आज़ाद लम्हें जिये है जो शायद अपनी मर्जी से या अपनो की मर्जी से कभी भी न जी पाती। मेरे दिन का सार्थक उपयोग मैं कभी न कर पाती अगर आप न होते तो!
आज बहुत सारे बच्चों तक भी आपको पहुँचा पा रही हूँ सिर्फ़ बातों से नहीं पर अपने जीवन से। जीवन की सार्थकता कभी समझ ही न पाती गर आप न होते। आज भी सौ बंधनों में घिरी हूँ पर अब वो बंधन दिखते है, उसकी वास्तविक वजह भी दिखती है। झूठ के मुँह पर उसको झूठ बोलने की हिम्मत आपने दी हैं चाहे सामने वाला कितना बड़ा ही क्यों न हो।
अब एक साथ बहुत सारे काम कर पाती हूँ! बहुत थक जाती हूँ! फ़िर थक कर सो जाती हुँ और दूसरे दिन फिर से लग जाती हूँ। और इस पूरी प्रक्रिया के केंद्र में एक शब्द बैठा है मौज जो आपने ही दिया था।
बाहरी परिस्थितियाँ नहीं है अनुकूल मुर्शिद! पर अब उनको सुधारने में या उनके बारे में ओवर थिंकिंग करने की बजाय मैं अपना काम करती हूँ।
जितना आता है, उतना।
आप मेरे लिए एक अपरिचित इंसान थे। आज मैं जो बात आपसे कर सकती हूँ वो मैं अपने किसी करीबी से नहीं कर सकती।
पुरुष.....!!
इस शब्द को सार्थक करता एक मात्र चहेरा आपका है। मैं जीवन भर इस बात को नहीं भूलूंगी।
एक और बात बोलना चाहती हूँ। कभी कभी लगता है कि आप गुरु हो मेरे जब एक पिता की छवि आती है भीतर तो उसमें भी आप ही दिखते हो। कभी दोस्त का ख्याल करूँ तो उसमें भी आपकी ही छवि। और आपको पता है अगर मैं किसी गीत को सुनती हूँ जिसमे प्रीतम की बात करी हो तो प्रीतम के रूप में भी आपके अलावा और छवि नहीं आती।
और एक बात। जब कभी हद से ज़्यादा चोट पहुंचाए आपकी बात तो आपसे बड़ा दुश्मन भी कोई नहीं लगता।
कभी कभी बहुत सोच में पड़ जाती हूँ इन सब से कि कैसे गुरु=पिता=दोस्त=प्रीतम=दुश्मन??? कैसे?
एक लाइन ज़हन में आ रही है कब से, जब से यह पोस्ट लिखनी शुरू करी।
" संत समाज जहाँ बैठी, वहीं पुरुष अपना! "