प्रश्नकर्ता: सर, आपने झुन्नूलाल को बहुत फेमस (प्रसिद्ध) कर दिया है। अब हममें से कुछ लोग तो जानते हैं झुन्नूलाल कौन है, पर काफ़ी सारे लोग हैं जो बार-बार पूछते हैं कि ये झुन्नूलाल है कौन।
आचार्य प्रशांत: इतनी बार वीडियोज़ में झुन्नूलाल का ज़िक्र आता है तो अगर लोग ध्यान से देख रहे हैं या पढ़ रहे हैं तो समझ ही गये होंगे कि
कौन है। अगर नहीं समझ में आ रहा तो याद करो दस साल पहले तुम जब कॉलेज में थे। तुम्हें एक किताब दी थी मैंने, अगर याद हो, विलहेम राइक की ‘‘लिसन लिटल मैन।’’
प्र: जी।
आचार्य: ‘‘लिसन लिटल मैन’’। लिटल मैन छोटा आदमी, आम आदमी। झुन्नूलाल आम आदमी है। तो झुन्नूलाल कोई कोई दूर की बात नहीं है। लोग क्यों परेशान हो रहे हैं कि ये झुन्नुलाल कौन है, जिसकी इतनी ज़्यादा बात होती है। आम आदमी ही झुन्नुलाल है। आम आदमी और उसका आम अहंकार ‘द इगो ऑफ़ द कॉमन मैन’, द कॉमन मैन हिमसेल्फ, वही झुन्नूलाल है।
प्र: लेकिन आम आदमी तो सुनने से ऐसा लगता है न आम आदमी साधारण चीज़ लेकिन आपने उसको इतना फेमस कर दिया है बार-बार उसके उदाहरण लेकर के तो या तो वो ख़ास बन गया है वो आम कहाँ बचा।




