आध्यात्मिकता अहंकार को सांत्वना देने या स्वयं को विद्रोही घोषित करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने भीतर बैठी गहरी गुलामी को पहचानने का साहस है। हमारी अधिकांश इच्छाएँ, मान्यताएँ और पसंद वास्तव में सामाजिक संस्कारों से बनी होती हैं, इसलिए केवल बाहरी विद्रोह स्वतंत्रता नहीं देता। सच्चा धर्म भीतर के अहंकार से संघर्ष कर जीवन में सत्य के पक्ष में खड़े होने का आह्वान करता है, चाहे उसकी कीमत संघर्ष और घाव ही क्यों न हों।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: प्रणाम आचार्य जी। मेरा क्वेश्चन था कि आजकल रील्स ऐसी बहुत ज़्यादा आ रही हैं, जिनमें आध्यात्मिक बातें करते हैं और सेल्फ-हेल्प का उसके माध्यम से दावा करते हैं। और ऐसी बहुत घातक होती हैं क्योंकि वो आधारहीन होती हैं ज़्यादातर। और चूँकि मैं आपको काफ़ी समय से सुन रहा हूँ, तो इनका प्रभाव मुझ पर बहुत कम पड़ता है। पर फिर भी कुछ ऐसी चीज़ें रहती हैं जो घर कर जाती हैं, मन में रह जाती हैं या कभी-कभार सच लग जाती हैं। जैसे एक दीदी को बोलते हुए सुना था मैंने कि समाज को तभी महत्त्व देना चाहिए, जब तक समाज से हमारी जेब भर रही है या वो बिल्स भर रहे हैं।
आचार्य प्रशांत: अच्छा, घर के बिल्स।
प्रश्नकर्ता: जी। तो मतलब हम कैसे समझें या क्या तरीका है ऐसा कि...?
आचार्य प्रशांत: ये बहुत अच्छा उदाहरण है खोखले विद्रोह का। ये बहुत-बहुत अच्छा उदाहरण है खोखले विद्रोह का। कोई आकर के ज्ञान दे रहा है, कि “हम समाज की क्यों सुनें? क्या समाज मुझे पैसा दे रहा है? क्या समाज मेरा घर चला रहा है? क्या समाज मेरे घर के ख़र्चे उठा रहा है? हम समाज की क्यों सुनें?” और ये बात सुनने में कैसी लग रही है? कि बात तो सही है। समाज में इतने लोग हैं, कुछ भी बोलते रहते हैं पर अपने घर के ख़र्चे तो मैं ही उठाता हूँ। अपनी जितनी समस्याएँ हैं, ज़िम्मेदारियाँ हैं, वह तो सब मैं ही देखता हूँ। है न? तो हम समाज की क्यों सुनें?




