प्रश्नकर्ता: इंटरनेट से एक बहुत लम्बे समय तक मेरा कोई विशेष लगाव नहीं था। यूट्यूब भी मैंने तभी देखना शुरू किया जब आपको सुनने की आदत लगी है आपके कारण ही मैंने इंटरनेट पर ज़्यादा समय बिताना शुरू किया, पर अब ये हो गया है कि इंटरनेट पर मैं आता तो हूँ आपके वीडियो सुनने के लिए पर आलतू-फालतू अश्लील वीडियो मुझे खींच लेते हैं। एक-दो बार तो आपको छोड़कर मैं उधर ही चला गया, मदद करें।
आचार्य प्रशांत: रमन जिधर को गये हो, अब उधर तो चले ही गये न। और कोई आखिरी बार नहीं चले गये हो आइंदा भी जब आओगे यूट्यूब पर तो कुछ तो इंटरनेट का चरित्र ऐसा है और कुछ तुम्हारी उम्र ऐसी है कि तुमको ये अश्लील वीडियो, पॉर्न इत्यादि आकर्षित करेंगे ही।
तुम्हें कोई आकर्षण न हो रहा होता इन चीज़ों का, भली बात होती। मैं कहता कि काश ऐसा हो कि तुम्हारा बोध-वीडियोज़ में मन लगा हुआ है, वहीं लगा रहे। लेकिन तुम्हारे साथ अब प्रकृति ने माया ने एक खेल खेलना शुरू ही कर दिया है। तुम मेरी बात सुन रहे होते हो शायद किसी दूसरे ब्राउज़र में या किसी दूसरे टैब में कोई दूसरी चीज़ होती है जो शुरू हो जाती है या तुम लगा देते हो, चलने लगती है और फिर तुम उधर को आकर्षित हो जाते हो।
इस आकर्षण को शायद रोका नहीं जा सकता जिन्होंने इससे लड़ने की कोशिश करी है मुँह की खायी है। तो तुम एक काम करो जब तुमको ऐसी चीज़ें खींचें तो उनकी ओर चले ही जाओ पर मुझे साथ लेकर जाओ उनकी तरफ़। क्योंकि तुम तुम्हारे ही कथन-अनुसार आये तो मेरे लिए थे न इंटरनेट पर, यूटयूब तुमने मेरे लिए खोला था फिर कहीं और को जा रहे हो। तो जहाँ को भी जा रहे हो जाओ मुझे साथ लेकर के। मुझे साथ लेकर के माने क्या? मेरी बात को साथ लेकर के। मैं अगर तुम्हें होश तक लाता हूँ तो होश को साथ ले करके।
उसी होश के साथ उन सब वीडियोज़ को और वेबसाइट्स को देखो जो तुमको शारीरिक तौर पर बड़ा आकर्षित करते हैं। अच्छे से ही देख लो, पूरी तरह से देख लो। साफ़ पूछो अपनेआप से, ‘ये क्या दिखाया जा रहा है मुझे? ये लोग कौन हैं?’ ये तो बात छोड़ो कि वो वीडियो जो तुम देखने गये अश्लील पॉर्न का मान लो वो बीस मिनट का है, ये तो छोड़ो कि बीस मिनट का वीडियो था और तुम शर्म के मारे बस तीन मिनट देखकर के आ गये। मैं कह रहा हूँ, अगर वो वीडियो बीस मिनट का है तो तुम उसमें चार घंटे का वीडियो देख लो। यही होश की निशानी है। तुम वो भी देख लो जो तुम्हें दिखाया नहीं जा रहा, तुम वो भी देख लो जो तुमसे छुपाया जा रहा है।




