धीरज है सच की धारणा, दिखता न हो तब भी मानना || आचार्य प्रशांत (2016)

श्रोता: जब रूमी पेशेंस की बात करते हैं। या जब भी पेशेंस शब्द दिमाग में आता है, तो लगता है कि यह कुछ समय से जुड़ी बात है। तो पेशेंस से उनका मतलब क्या होता है?
वक्ता: पेशेंस का अर्थ होता है कि जब मन को वो नहीं भी मिल रहा हो, नहीं भी दिख रहा हो, नहीं भी अनुभव में आ रहा हो, जो सत्य है, तब भी मन यह न कह दे कि चूँकि अभी नहीं है इसलिए है ही नहीं।
तुम रेलवे प्लेटफ़ॉर्म पर खड़े होते हो। तुम कहते हो पेशेंस रखा हुआ है, धीरज, ट्रेन आएगी। यही कहते हो ना? कि धीरज रखो, ट्रेन आएगी। इसी को तुम धैर्य का नाम देते हो। थम जा भई, आ रही है। यही कहते हो ना? देखो क्या होता है, जिसे तुम धैर्य बोलते हो उसकी प्रक्रिया क्या है। है नहीं, पर भरोसा है कि है। दिख नहीं रही है। इन्द्रियों को उसकी कोई अनुभूति नहीं है। दिख नहीं रही है पर फिर भी भरोसा है कि ‘है और मिलेगी’।
यही बात जब सत्य के सम्बन्ध में कि जाती है, तो धीरज शब्द, पेशेंस शब्द अपना असली अर्थ लेता है। आँखों को नहीं दिख रहा। आँखों को भ्रम ही भ्रम, माया ही माया दिख रही है। आँखों को संसार ही संसार दिख रहा है। और संसार यही कह रहा है कि नहीं है। पर फिर भी हमें भरोसा है कि ‘है और मिलेगा’। ट्रेन (के सन्दर्भ) में तो कहते हो कि मिलेगा। आध्यात्मिकता (के सन्दर्भ) में कहा जाता है कि है और मिला ही हुआ है, भले ही प्रतीत यह हो रहा है कि नहीं मिला हुआ है। यही धैर्य है।
धैर्य, और पतंजलि ने धारणा शब्द का प्रयोग किया है। यह बिलकुल एक हैं, धारणा माने मानना, कुछ धारण करना, कुछ ले लेना। धैर्य भी यही है। आम धारणा और आध्यात्मिक धारणा में अंतर समझना। वरना फिर क्या होता है कि योग में जिस धारणा की बात की जाती है, हम उसको संसारी धारणा बना देते हैं। संसार में जब कुछ धारण किया जाता है, तो वो रूप है, क्रत्रिम रूप, बाहर से लिया हुआ; आयतित रूप। वो तुम धारण कर लेते हो। कपड़ा, यह धारण किया। मुखौटा, यह धारण किया। काजल, यह धारण किया है। विचार, संस्कृति, संस्कार, यह सब धारण किये हैं। यह संसारिक धारणा है।



