बाप-बेटे का रिश्ता ऐसा भी - एक खास कहानी || आचार्य प्रशांत (2021)

प्रश्नकर्ता: आपसे प्रेरणा मिली है कि अध्यात्म, गीता, उपनिषद् का जीवन में बहुत महत्व है और जितनी जल्दी हो सके ज़िन्दगी में उतनी जल्दी इन ग्रंथों से परिचय हो जाना चाहिए। अब मेरा चौदह साल का बेटा है, उसे बहकते देख रहा हूँ। उपनिषद् इत्यादि उसे बताता हूँ तो उसे कठिन लगते हैं, उबाऊ लगते हैं; समझ में उसे आते नहीं। क्या करूँ?
आचार्य प्रशांत: उपनिषदों से ही उत्तर मिल जाएगा। ऋषि उपनिषदों में लगातार, जो सामने शिष्य बैठा है, उसके मन को भाँपते रहते हैं। वो कोई भी बात बस यूँही नहीं कह देते कि ये सत्य है तो तुम सुन लो, या ये सिद्धांत है तो तुम पकड़ लो। वो बार-बार ये देखते हैं कि ये जो सामने है सुनने वाला, जिसे चीज़ सिखाई जा रही है, उसका मन कैसा है। और उसके मन के अनुसार वो फिर अपना वक्तव्य देते हैं। वही वक्तव्य मंत्र बन जाते हैं, ऋचाएँ बन जाती हैं।
तो अभी इक्कीसवीं शताब्दी में चौदह बरस का आपका बेटा है, आपको उसकी उम्र के अनुसार, उसके समय के अनुसार, उस तक उपनिषदों का संदेश पहुँचाना होगा।
आठ-दस साल पहले जब कॉलेजेस में, यूनिवर्सिटीज (विश्वविद्यालयों) में बहुत मेरे सत्र हुआ करते थे। तब की रिकॉर्डिंग्स मौजूद हैं; आप देखिएगा मैंने कभी किसी छात्र से उपनिषद् शब्द का उल्लेख नहीं किया। मुझे अगर किसी को निष्काम कर्म समझाना है तो मैंने कभी नहीं कहा कि ये बात इस तरीक़े से कृष्ण ने अर्जुन से गीता में कही है।
बात वही समझा दी पूरी जो गीता में मौजूद है, पर उस तरीक़े से जिस तरीक़े से उस लड़के को या लड़की को समझ में आयेगी। बल्कि अगर समझाते-समझाते मैं बीच में बोल दूँ कि उपनिषद् में ऐसा लिखा है या कि ये सिद्धांत वहाँ से आ रहा है, तो सुनने वाले को समस्या हो जाएगी। उसको लगेगा अब पता नहीं कौनसी पुरानी बात बताई जा रही है, कितनी कठिन बात बताई जा रही है। उसका मन उचट जाना है। समझ रहे हैं? तो चीज़ हमेशा सामने वाले को देख करके बोली जाती है।





