सही काम की पहचान ये है कि वो इतना विराट और अनंत होता है कि कभी ख़त्म ही नहीं होता। सही काम चुन लो, फिर ज़िन्दगी भर ये शिकायत नहीं कर पाओगे कि अभी खाली बैठा हूँ, क्या करूँ, अकेलापन लग रहा है। वो काम तुम्हारी दुर्बलताओं को ठोंक-पीटकर सही कर देगा। इसलिए कोई साधारण औसत काम करके जीवन मत ख़राब करो। वह अनूठा काम चुनो जिसकी दुनिया को ज़रूरत हो, और वैसा काम दिल से, प्रेमी की तरह खोजने पर ही मिलेगा।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: मैं पिछले वर्ष से ही यूट्यूब के माध्यम से आपकी वीडियोज़ के सम्पर्क में आया। इसके पहले मैं यूपीएससी की तैयारी कर रहा था, लेकिन आपकी यूपीएससी से सम्बन्धित वीडियोज़ देखने के बाद, तैयारी को लेकर एक स्पष्टता आई और मैं तैयारी छोड़कर फिर से काम-धन्धे में लग गया। मेरे काम की प्रकृति ऐसी है जिससे मैं खुश हूँ, लेकिन फिर भी मन जैसे किसी लक्ष्य को पाने के लिए भटकता रहता है कि कैसे किसी को लक्ष्य बना लूँ जीवन में। कृपया मार्गदर्शन करें।
आचार्य प्रशांत: दो दुनिया होती हैं, एक खाल के बाहर की, एक खाल के अन्दर की। होती दोनों एक हैं, पर आँखें चूंकि बाहर को देखती हैं तो भीतर वाली को हम बाहर वाली से अलग समझ लेते हैं। है न? जो भी आपको काम करना है, इन्हीं दोनों लोकों में से किसी लोक में करना पड़ेगा। या तो बाहर को देखिए, दुनिया को, और आप पूछिए अपनेआप से कि ये दुनिया इस वक़्त क्या माँग रही है। और दुनिया जो माँग रही हो और उसमें से जिस चीज़ को दे पाने की आपकी व्यावहारिक क़ुव्वत हो उसको अपना लक्ष्य बना लीजिए। ठीक है न? ये दूसरे की मदद का रास्ता है, करुणा का, प्रेम का रास्ता है। ये है काम चुनना, धन्धा चुनना या व्यवसाय चुनना प्रेमवश, कि मैं जो कुछ कर रहा हूँ, क्यों कर रहा हूँ? क्योंकि वो करा जाना चाहिए, दुनिया को ज़रूरत है इसकी।
और दूसरा तरीक़ा है कि खाल के अन्दर देख लीजिए, जिसको हम आन्तरिक दुनिया कहते हैं, मन की दुनिया। वहाँ देख लीजिए कि क्या गड़बड़ है, कौन-सी चीज़ें हैं जो सुधार माँगती हैं। और काम ऐसा पकड़िए जो आपके भीतर जो कुछ भी गड़बड़ हो उसको चुनौती देता हो। समझ रहे हैं?




