आज के युवा के पास अपनी ऊर्जा को अनेक दिशाओं में बिखेर देने के लिए जितने विकल्प उपलब्ध हैं, उतने विकल्प पहले कभी नहीं थे। लेकिन आपके भीतर कोई है जो कहता है कि ये नहीं, ‘कुछ और’ चाहिए। यह ‘कुछ और’ ही जीवन का उद्देश्य है; उसको नहीं पाओगे, तो अंजाम यही होगा — अवसाद, तनाव और जीवन की बर्बादी। जवानी संघर्ष करने के लिए मिली है, बाज़ार का ख़रीदार बनने के लिए नहीं। जिनके जीवन में बाहर संघर्ष नहीं, वो भीतर से बहुत बेचैन जिएँगे।
यह सारांश AI द्वारा तैयार किया गया है। इसे पूरी तरह समझने के लिए कृपया पूरा लेख पढ़ें।
प्रश्नकर्ता: प्रणाम आचार्य जी, मेरा नाम रजनी गुप्ता है। मैं रायपुर से आई हूँ, छत्तीसगढ़ से। मेरा प्रश्न ये है कि आजकल यूथ (युवा) जो हैं, ऐंग्ज़ायटी, डिप्रेशन, ओवरथिंकिंग से जूझ रहे हैं। मतलब, बाहर से देखने पर ऐसा लगता है ठीक चल रहा है, पर भीतर ही भीतर बेचैनी रहती है। जैसे प्रायोरिटी कुछ सेट करते हैं, तो वो फुलफिल नहीं हो पाती, तो वो भीतर ही भीतर बेचैनी खलती रहती है और गिल्ट होता है। तो क्या ये बेचैनी, मतलब एक प्रकार से हमारे मन के ही भीतर का झूठ है? या फिर कुछ और?
आचार्य प्रशांत: नहीं, झूठ क्यों है? जब आप उसे अनुभव कर रहे हैं, अनुभव में आ रहा है, तो आपके लिए तो वो झूठ नहीं है न। आप उसको अनुभव कर रहे हैं, उससे आपको तक़लीफ़ हो रही है। बेचैनी के क्षण में धड़कनें बढ़ जाती हैं, पसीना आ जाता है, सिर दर्द हो सकता है। तो ये सब बातें, हम कैसे कह दें कि झूठ हैं? अच्छा प्रश्न है।
देखिए जवानी, युवावस्था बड़ा एक खास और ज़बरदस्त समय होती है। आप दुनिया को समझने-बूझने लगे हैं, और आपके पास मानसिक ताक़त आ गई है और शारीरिक परिपक्वता आ गई है। तो अब आप बच्चे तो हो नहीं। अचानक दिखाई पड़ता है कि ये जो पूरी दुनिया है, ये आपकी पहुँच में है। एक जीवन आपके सामने खड़ा हुआ है, जिसको बनाने, संवारने, सार्थक करने की ज़िम्मेदारी आपकी है। बहुत बड़ा एक आकाश खुल जाता है। दूसरों पर चूँकि आश्रित नहीं हैं, तो दूसरों की बात मानने का या दूसरों के अनुशासन में रहने का ना दायित्व बचता है, ना डर बचता है।




